Indian Stock Market: साल के आखिरी दिन शुरुआती कारोबार में चढ़ा शेयर मार्केट, रुपया लुढ़का
Indian Stock Market: सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 254.38 अंक चढ़कर 84,929.46 अंक पर पहुंच
Indian Stock Market: घरेलू संस्थागत निवेशकों की निरंतर खरीदारी से सेंसेक्स और निफ्टी में साल के आखिरी दिन बुधवार को शुरुआती कारोबार में तेजी दर्ज की गई। बीएसई सेंसेक्स पांच सत्र की गिरावट के बाद आज शुरुआती कारोबार में 254.38 अंक चढ़कर 84,929.46 अंक पर पहुंच गया।
वहीं, चार सत्र की गिरावट के बाद एनएसई निफ्टी 89.15 अंक की बढ़त के साथ 26,028 अंक पर रहा। सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से टाटा स्टील, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, टाइटन, एक्सिस बैंक, अदाणी पोर्ट्स और हिंदुस्तान यूनिलीवर के शेयर सबसे अधिक लाभ में रहे।
हालांकि बजाज फिनसर्व, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, महिंद्रा एंड महिंद्रा और इन्फोसिस के शेयर में गिरावट देखी गई। एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, चीन का एसएसई कम्पोजिट इंडेक्स और हांगकांग का हैंग सेंग गिरावट में रहे।
अमेरिकी बाजार मंगलवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 0.10 प्रतिशत की गिरावट के साथ 61.27 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) मंगलवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने शुद्ध रूप से 3,844.02 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। दूसरी ओर, घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 6,159.81 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
रुपया शुरुआती कारोबार में 15 पैसे टूटकर 89.90 प्रति डॉलर पर
विदेशी पूंजी की निकासी और घरेलू शेयर बाजारों की सुस्त शुरुआत के बीच रुपया बुधवार को शुरुआती कारोबार में 15 पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 89.90 पर आ गया। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि विदेशी पोर्टफोलियो निवेशक भारतीय शेयर को बेचना जारी रखे हुए हैं जिससे पिछले कुछ महीनों में भारतीय रुपये पर दबाव पड़ रहा है।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया, डॉलर के मुकाबले 89.89 पर खुला। फिर टूटकर 89.90 प्रति डॉलर पर आ गया जो पिछले बंद भाव से 15 पैसे की गिरावट दर्शाता है। रुपया मंगलवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 89.75 पर बंद हुआ था।
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.04 प्रतिशत की बढ़त के साथ 98.27 पर रहा।

