Indian Stock Market: वैश्विक रुझानों से भारतीय शेयर बाजार में अस्थिरता, रुपया भी टूटा
Indian Stock Market: निवेशकों ने उच्च स्तर पर मुनाफावसूली की
Indian Stock Market: वैश्विक बाजारों में मिले-जुले रुझानों के बीच घरेलू शेयर बाजारों ने बुधवार को सकारात्मक शुरुआत की। हालांकि बाद में इनमें अस्थिरता देखने को मिली क्योंकि निवेशकों ने उच्च स्तर पर मुनाफावसूली की।
बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 213.42 अंक या 0.25 प्रतिशत चढ़कर 84,487.34 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 74.25 अंक की बढ़त के साथ 26,009.40 अंक पर पहुंच गया। सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाइटन, टाटा स्टील, मारुति सुजुकी इंडिया, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, सन फार्मास्युटिकल्स, एनटीपीसी, हिंदुस्तान यूनिलीवर, टेक महिंद्रा और बजाज फाइनेंस के शेयर लाभ में रहे।
वहीं एचसीएल टेक्नोलॉजीज, ट्रेंट, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड, आईटीसी, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, पावरग्रिड, अदाणी पोर्ट्स, लार्सन एंड टुब्रो और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयर में गिरावट रही। एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, हांगकांग का हैंग सेंग और चीन का एसएसई कम्पोजिट बढ़त में रहे जबकि जापान का निक्की 225 बुधवार को राष्ट्रीय स्थापना दिवस के अवसर पर बंद रहा।
अमेरिकी शेयर बाजार मंगलवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.76 प्रतिशत की बढ़त के साथ 69.32 डॉलर प्रति बैरल रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) मंगलवार को लिवाल रहे थे और उन्होंने 69.45 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। दूसरी ओर घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 1,174.21 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
रुपया शुरुआती कारोबार में छह पैसे टूटकर 90.62 प्रति डॉलर पर
रुपया बुधवार को शुरुआती कारोबार में छह पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 90.62 पर आ गया। भू-राजनीतिक तनाव और आयातकों की ओर से डॉलर की मांग के कारण निवेशकों की भावनाएं प्रभावित हुई। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 90.56 पर खुला। फिर थोड़ा टूटकर 90.62 प्रति डॉलर पर आ गया जो पिछले बंद भाव से छह पैसे की गिरावट दर्शाता है।
रुपया हालांकि शुरुआती कारोबार में अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 90.46 पर भी पहुंचा। रुपया मंगलवार को 10 पैसे की बढ़त के साथ 90.56 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.14 प्रतिशत की गिरावट के साथ 96.66 पर रहा।

