Indian Stock Market: घरेलू शेयर बाजारों में शुरुआती कारोबार में तेजी, रुपया भी चढ़ा
Indian Stock Market: सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 303 अंक चढ़ा, निफ्टी में 85.1 अंक की तेजी
Indian Stock Market: घरेलू शेयर बाजारों सेंसेक्स और निफ्टी में शुरुआती कारोबार में तेजी दर्ज की गई। आईटी शेयर में खरीदारी और विदेशी निवेशकों के नए निवेश से बाजार में मजबूती आई। बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 303 अंक चढ़कर 82,579.16 अंक पर पहुंच गया जबकि एनएसई निफ्टी 85.1 अंक की बढ़त के साथ 25,567.60 अंक पर रहा।
सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से टेक महिंद्रा, इन्फोसिस, एचसीएल टेक, इटर्नल, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और मारुति के शेयर में सबसे अधिक तेजी रही। दूसरी ओर, इंटरग्लोब एविएशन, अल्ट्राटेक सीमेंट, एक्सिस बैंक और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर नुकसान में रहे।
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और जापान का निक्की 225 सकारात्मक दायरे में जबकि चीन का एसएसई कम्पोजिट तथा हांगकांग का हैंग सेंग गिरावट में रहे। अमेरिकी बाजार बुधवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे।
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.25 प्रतिशत की बढ़त के साथ 71.03 डॉलर प्रति बैरल रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बुधवार को लिवाल रहे थे और उन्होंने 2,991.64 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। वहीं घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने भी 5,118.57 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
रुपया शुरुआती कारोबार में छह पैसे चढ़कर 90.85 प्रति डॉलर पर
रुपया बृहस्पतिवार को शुरुआती कारोबार में छह पैसे की बढ़त के साथ अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 90.85 पर पहुंच गया। डॉलर के कमजोर रुख और विदेशी निवेशकों के निवेश में वृद्धि से घरेलू मुद्रा को बल मिला।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि घरेलू शेयर बाजारों में सत्र की सकारात्मक शुरुआत ने स्थानीय मुद्रा को और मजबूती प्रदान की जबकि वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में वृद्धि तथा भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं ने रुपये की तेज बढ़त को सीमित कर दिया। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया, डॉलर के मुकाबले 90.86 पर खुला। फिर 90.85 प्रति डॉलर पर पहुंच गया जो पिछले बंद भाव से छह पैसे की बढ़त दर्शाता है।
रुपया बुधवार को सीमित दायरे में कारोबार करते हुए चार पैसे की बढ़त के साथ अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 90.91 पर बंद हुआ था। इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.13 प्रतिशत की गिरावट के साथ 97.57 पर रहा।

