Indian Stock Market: घरेलू शेयर बाजारों में शुरुआती कारोबार में उतार-चढ़ाव
Indian Stock Market: सेंसेक्स और निफ्टी ने बृहस्पतिवार को कारोबार की शुरुआत सकारात्मक रुख के साथ की, लेकिन सेवा एवं उपभोक्ता टिकाऊ वस्तुओं के शेयर में बिकवाली के दबाव से जल्द ही इनमें गिरावट दर्ज की गई। बीएसई सेंसेक्स शुरुआती...
Indian Stock Market: सेंसेक्स और निफ्टी ने बृहस्पतिवार को कारोबार की शुरुआत सकारात्मक रुख के साथ की, लेकिन सेवा एवं उपभोक्ता टिकाऊ वस्तुओं के शेयर में बिकवाली के दबाव से जल्द ही इनमें गिरावट दर्ज की गई।
बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 245.11 अंक या 0.29 प्रतिशत चढ़कर 83,979.36 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 65.95 अंक या 0.25 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,885.30 अंक पर पहुंच गया। दोनों बाजारों ने हालांकि जल्द ही शुरुआती बढ़त को गंवा दी।
सेंसेक्स 131.07 अंक टूटकर 83,603.18 अंक पर और निफ्टी 30.70 अंक फिसलकर 25,788.65 अंक पर कारोबार करने लगा। सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से इंडिगो, एशियन पेंट्स, अदाणी पोर्ट्स, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड, आईटीसी, ट्रेंट, लार्सन एंड टुब्रो, कोटक महिंद्रा बैंक, एक्सिस बैंक, पावरग्रिड, रिलायंस इंडस्ट्रीज और बजाज फाइनेंस के शेयर में गिरावट रही।
दूसरी ओर, इन्फोसिस, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, टेक महिंद्रा, मारुति सुजुकी इंडिया, हिंदुस्तान यूनिलीवर, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, भारती एयरटेल और एनटीपीसी के शेयर फायदे में रहे। एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया के कॉस्पी में तीन प्रतिशत और जापान के निक्की 225 में करीब एक प्रतिशत की बढ़त रही। हांगकांग और चीन के बाजार चंद्र नव वर्ष की छुट्टियों के कारण बंद रहे।
अमेरिकी शेयर बाजार बुधवार को बाजार बढ़त के साथ बंद हुए थे। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.37 प्रतिशत की बढ़त के साथ 70.61 डॉलर प्रति बैरल रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बुधवार को लिवाल रहे थे और उन्होंने 1,154.34 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। दूसरी ओर घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 440.34 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

