Indian Girl Murdered in Canada: कनाडा में भारतीय मूल की युवती हिमांशी खुराना की हत्या, साथी की भूमिका संदिग्ध
Indian girl murdered in Canada: कनाडा के टोरंटो शहर में भारतीय मूल की युवती हिमांशी खुराना की हत्या से सनसनी फैल गई है। इस मामले में पीड़िता के करीबी साथी की भूमिका संदिग्ध बताई जा रही है। टोरंटो पुलिस ने...
Indian girl murdered in Canada: कनाडा के टोरंटो शहर में भारतीय मूल की युवती हिमांशी खुराना की हत्या से सनसनी फैल गई है। इस मामले में पीड़िता के करीबी साथी की भूमिका संदिग्ध बताई जा रही है। टोरंटो पुलिस ने हत्या के आरोप में एक संदिग्ध के खिलाफ पूरे कनाडा में गिरफ्तारी वारंट जारी किया है।
भारत के टोरंटो स्थित वाणिज्य दूतावास ने बुधवार को इस घटना पर गहरा दुख और सदमा व्यक्त किया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में वाणिज्य दूतावास ने कहा कि वह “टोरंटो में भारतीय नागरिक हिमांशी खुराना की हत्या से बेहद दुखी और स्तब्ध है” तथा इस कठिन समय में शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करता है।
दूतावास ने यह भी बताया कि वह पिछले कुछ दिनों से इस मामले पर नजर बनाए हुए है और स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय कर पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है।
News Release - Homicide Investigation, Strachan Avenue and Wellington Street West, Victim: Himanshi Khurana, 30, Suspect Identified, Images Releasedhttps://t.co/2r2R6E8Ghz pic.twitter.com/cepodqLEig
— Toronto Police (@TorontoPolice) December 22, 2025
टोरंटो पुलिस के अनुसार, 30 वर्षीय हिमांशी खुराना टोरंटो की निवासी थीं। पुलिस ने बताया कि उनकी तलाश के दौरान शनिवार सुबह एक आवास से उनका शव बरामद किया गया, जिसके बाद मामले को हत्या घोषित किया गया। पुलिस इस मामले में अब्दुल गफूरी (32) नामक व्यक्ति की तलाश कर रही है, जो टोरंटो का ही निवासी है और पीड़िता को जानता था।
पुलिस ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 10:41 बजे स्ट्राचन एवेन्यू और वेलिंगटन स्ट्रीट वेस्ट इलाके से एक महिला के लापता होने की सूचना मिली थी। रातभर तलाशी अभियान चलाया गया और शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे महिला का शव एक घर के भीतर मिला।
कनाडाई मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, जांचकर्ताओं का मानना है कि यह मामला ‘अंतरंग साथी द्वारा की गई हिंसा’ (इंटिमेट पार्टनर वायलेंस) से जुड़ा हो सकता है। संदिग्ध अब्दुल गफूरी के खिलाफ प्रथम श्रेणी हत्या का आरोप लगाया गया है। यदि अदालत में हत्या की पूर्व योजना और मंशा साबित होती है, तो उसे बिना पैरोल के आजीवन कारावास की सजा हो सकती है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी के पास संदिग्ध के बारे में कोई जानकारी हो तो तुरंत पुलिस से संपर्क करें।

