Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
search-icon-img
Advertisement

India-USA Trade : वैश्विक हित के लिए साथ काम करेंगे... रूबियो से मुलाकात के बाद पीएम मोदी का बड़ा बयान

प्रधानमंत्री मोदी और अमेरिकी विदेश मंत्री रूबियो ने द्विपक्षीय संबंधों, प. एशिया संकट पर चर्चा की

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
featured-img featured-img
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वीडन के गोथेनबर्ग में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाग ले रहे हैं। एपी/पीटीआई
Advertisement

India-USA Trade : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कहा कि भारत और अमेरिका वैश्विक हित के लिए मिलकर काम करना जारी रखेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने भारत-अमेरिका द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्न पहलुओं, विशेष रूप से रक्षा, व्यापार, ऊर्जा तथा प्रौद्योगिकी के क्षेत्रों और पश्चिम एशिया संकट पर विचार-विमर्श किया। रूबियो ने कोलकाता की संक्षिप्त यात्रा के बाद नयी दिल्ली पहुंचने के कुछ समय बाद प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की। अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने कहा कि रूबियो ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से प्रधानमंत्री मोदी को निकट भविष्य में अमेरिका की यात्रा का न्योता दिया।

अमेरिकी विदेश मंत्री की चार-दिवसीय यात्रा का उद्देश्य द्विपक्षीय संबंधों को सुधारना है, जिनमें पिछले साल के मध्य से ही तनाव है। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर कहा, "अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो से मिलकर मुझे प्रसन्नता हुई। हमने भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी में निरंतर प्रगति और क्षेत्रीय एवं वैश्विक शांति एवं सुरक्षा से संबंधित मुद्दों पर चर्चा की।" उन्होंने कहा, ''भारत और अमेरिका वैश्विक हित के लिए मिलकर काम करना जारी रखेंगे।'' अमेरिकी विदेश विभाग ने कहा कि रूबियो और प्रधानमंत्री मोदी व्यापार और रक्षा संबंधों को मजबूत करने और महत्वपूर्ण तथा उभरती प्रौद्योगिकियों पर सहयोग को बढ़ाने पर सहमत हुए।

Advertisement

प्रधानमंत्री के साथ बैठक के बाद, रूबियो ने अमेरिकी दूतावास में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारत को अमेरिका के लिए ''महत्वपूर्ण भागीदार'' बताया और संकेत दिया कि दोनों पक्ष आने वाले महीनों में संबंधों को और मजबूत करने के लिए कुछ महत्वपूर्ण घोषणाएं करने की योजना बना रहे हैं। अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता टॉमी पिगॉट ने रूबियो की मोदी के साथ हुई मुलाकात का जिक्र करते हुए कहा कि विदेश मंत्री ने अमेरिका-भारत साझेदारी के रणनीतिक महत्व, अमेरिकी राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री मोदी के बीच मजबूत व्यक्तिगत संबंधों के साथ-साथ दोनों पक्षों के लिए मौजूद व्यापक आर्थिक और वाणिज्यिक मौकों पर जोर दिया।

Advertisement

पिगॉट ने कहा, ''विदेश मंत्री और प्रधानमंत्री ने पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति पर चर्चा की। विदेश मंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि अमेरिका ईरान को वैश्विक ऊर्जा बाजार को बंधक बनाने नहीं देगा और इस बात की पुष्टि की कि अमेरिकी ऊर्जा उत्पादों में भारत की ऊर्जा आपूर्ति में विविधता लाने की क्षमता है।'' उन्होंने कहा कि मोदी और रूबियो ने द्विपक्षीय उपलब्धियों पर भी विचार-विमर्श किया, जिसमें राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के ''मिशन 500'' को आगे बढ़ाने वाले महत्वपूर्ण निवेश शामिल हैं, जिसका लक्ष्य 2030 तक व्यापार को दोगुना करना है।

प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया, ''अमेरिकी विदेश मंत्री रूबियो ने प्रधानमंत्री मोदी को रक्षा, रणनीतिक प्रौद्योगिकी, व्यापार और निवेश, ऊर्जा सुरक्षा, कनेक्टिविटी, शिक्षा और दोनों देशों जनता के स्तर पर संबंधों सहित विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग में निरंतर प्रगति के बारे में जानकारी दी।'' प्रधानमंत्री कार्यालय ने बताया कि रूबियो ने पश्चिम एशिया की स्थिति सहित विभिन्न क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर अमेरिका का दृष्टिकोण साझा किया। इसने कहा कि मोदी ने शांति प्रयासों के लिए भारत के निरंतर समर्थन की पुष्टि की और संघर्षों का संवाद एवं कूटनीति के माध्यम से शांतिपूर्ण समाधान का आह्वान दोहराया।

प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है, ''प्रधानमंत्री मोदी ने विदेश मंत्री रूबियो से राष्ट्रपति ट्रंप को उनकी शुभकामनाएं देने का अनुरोध किया और कहा कि वे भविष्य में भी आपसी संवाद और आदान-प्रदान जारी रहने की आशा रखते हैं।'' राजदूत गोर ने कहा कि विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने प्रधानमंत्री मोदी को निकट भविष्य में व्हाइट हाउस आने का राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से निमंत्रण दिया। रूबियो के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल में शामिल गोर ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ हुई बैठक को ''सार्थक'' बताया। उन्होंने 'एक्स' पर कहा, ''हमने सुरक्षा, व्यापार और महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में अमेरिका-भारत सहयोग को मजबूत करने के तरीकों पर सार्थक चर्चा की।''

रविवार को रूबियो जयशंकर के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। अमेरिकी विदेश मंत्री सोमवार को आगरा और जयपुर का दौरा करेंगे और फिर मंगलवार सुबह क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक के लिए दिल्ली लौटेंगे। रूबियो ने आज सुबह कोलकाता पहुंचने के बाद सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, ''भारत पहुंच गया हूं। एक शानदार यात्रा की उम्मीद है।'' राजधानी दिल्ली रवाना होने से पहले कोलकाता स्थित ''सेंट टेरेसा मिशनरीज ऑफ चैरिटी'' के मुख्यालय 'मदर हाउस' का दौरा किया।

Advertisement
×