भारत-ब्राजील ने रखा 5 साल में 20 अरब डॉलर व्यापार का लक्ष्य
राष्ट्रपति लूला ने की कश्मीर में आतंकी हमले की निंदा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला डी सिल्वा के बीच व्यापक वार्ता हुई। इसके बाद भारत और ब्राजील ने शनिवार को अगले पांच वर्ष में 20 अरब अमेरिकी डॉलर के वार्षिक द्विपक्षीय व्यापार का लक्ष्य निर्धारित किया तथा महत्वपूर्ण खनिजों के क्षेत्र में सहयोग के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर किए। दोनों नेताओं ने रक्षा, ऊर्जा, स्वास्थ्य सेवा एवं डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना सहित कई अन्य क्षेत्रों में संबंधों को मजबूत करने का भी संकल्प लिया।
साथ ही अस्थिर भू-राजनीतिक स्थिति से निपटने के लिए भारत-ब्राजील के बीच गहन रणनीतिक जुड़ाव पर जोर दिया। मोदी ने कहा कि भारत और ब्राजील इस बात पर एकमत हैं कि आतंकवाद और उसके समर्थक मानवता के दुश्मन हैं। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि दोनों पक्ष इस बात पर सहमत हैं कि दुनिया के सामने आने वाली चुनौतियों से निपटने के लिए वैश्विक संस्थाओं में सुधार आवश्यक है।
लुला ने कश्मीर में हुए आतंकी हमलों की निंदा की और कहा कि आतंकवाद को किसी भी धर्म या राष्ट्रीयता से नहीं जोड़ा जाना चाहिए। लूला ने कहा कि ‘अशांत वैश्विक माहौल’ के लिए भारत और ब्राजील को अपने रणनीतिक संबंधों को गहरा करने की आवश्यकता है तथा दोनों शक्तियों के बीच संवाद सर्वोत्तम स्तर की बातचीत है।
मोदी ने ब्राजील के राष्ट्रपति की उपस्थिति में अपने मीडिया बयान में कहा, ‘ब्राजील लातिन अमेरिका में भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है।’ फोटो : एएनआई

