Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
search-icon-img
Advertisement

भारत-नीदरलैंड के बीच रक्षा समेत 17 समझौते

द्विपक्षीय संबंधों को रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक बढ़ाने पर सहमति

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
featured-img featured-img
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नीदरलैंड के अपने समकक्ष रॉब जेटेन के साथ। -एएनआई
Advertisement
वैश्विक भू-राजनीति में बदलावों के बीच भारत और नीदरलैंड ने अपने संबंधों को रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक बढ़ाने का निर्णय लिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नीदरलैंड के उनके समकक्ष रॉब जेटेन के बीच हुई वार्ता के दौरान रक्षा, महत्वपूर्ण खनिजों और अन्य प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए 17 समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए। शनिवार शाम हुई बैठक के दौरान दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों ने पश्चिम एशिया की स्थिति, विशेष रूप से क्षेत्र और व्यापक विश्व पर इसके गंभीर प्रभावों को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की।

संयुक्त बयान के अनुसार, मोदी और जेटेन ने होर्मुज जलडमरुमध्य से स्वतंत्र नौवहन और वैश्विक वाणिज्यिक जहाजों के आवागमन का आह्वान किया। उन्होंने किसी भी तरह के 'प्रतिबंधात्मक' कदमों का विरोध किया और इस संबंध में जारी पहलों के प्रति अपना समर्थन भी दोहराया।

Advertisement

दोनों नेताओं ने यूक्रेन की स्थिति पर भी चर्चा की जो रूस के साथ जारी संघर्ष और क्षेत्रीय सुरक्षा घटनाक्रमों से प्रभावित है। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र चार्टर और अंतर्राष्ट्रीय कानून के सिद्धांतों पर आधारित संवाद एवं कूटनीति के माध्यम से यूक्रेन में व्यापक, न्यायपूर्ण और स्थायी शांति प्राप्त करने के प्रयासों का समर्थन जारी रखने पर सहमति व्यक्त की।

Advertisement

मोदी-जेटेन वार्ता के बाद भारत और नीदरलैंड ने व्यापार एवं निवेश, रक्षा और सुरक्षा तथा सेमीकंडक्टर, अंतरिक्ष, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और क्वांटम कंप्यूटिंग सहित महत्वपूर्ण एवं उभरती प्रौद्योगिकियों में संबंधों को बढ़ावा देने के लिए एक 'रणनीतिक साझेदारी रूपरेखा' की शुरुआत की। दोनों नेताओं ने 'हरित हाइड्रोजन के विकास पर भारत-नीदरलैंड रूपरेखा' की भी शुरुआत की। उन्होंने रक्षा उपकरणों, रक्षा प्रणालियों, कलपुर्जों और अन्य प्रमुख क्षमताओं का संयुक्त निर्माण सुनिश्चित करने के लिए प्रौद्योगिकी हस्तांतरण और संयुक्त उद्यमों की स्थापना के माध्यम से एक रक्षा औद्योगिक रूपरेखा स्थापित करने की संभावनाओं का पता लगाने पर भी सहमति व्यक्त की। विदेश मंत्रालय के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच हुए समझौतों से सेमीकंडक्टर, महत्वपूर्ण खनिज, स्वास्थ्य, जल, नवीकरणीय ऊर्जा, कृषि और संस्कृति सहित अन्य क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ावा मिलेगा।

संबंधों को नयी गति : मोदी

मोदी ने रविवार को स्वीडन के लिए रवाना होते समय सोशल मीडिया पर किये गए पोस्ट में कहा, 'मेरी नीदरलैंड यात्रा ने भारत-नीदरलैंड संबंधों को नयी गति प्रदान की है। अपने संबंधों को रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक ले जाने से लेकर जल संसाधन, सेमीकंडक्टर, नवाचार, रक्षा, स्थिरता और गतिशीलता में सहयोग का विस्तार करने तक, हमने भविष्य के लिए एक महत्वाकांक्षी खाका तैयार किया है।' नीदरलैंड के प्रधानमंत्री जेटेन ने शिफोल हवाई अड्डे पर पहुंचकर प्रधानमंत्री मोदी को विदा किया।

स्वीडन में व्यापार, प्रौद्योगिकी सहित कई मुद्दों पर की वार्ता

गोथेनबर्ग (स्वीडन) (एजेंसी) : पीएम नरेंद्र मोदी ने रविवार को स्वीडिश समकक्ष उल्फ क्रिस्टर्सन के साथ व्यापार, प्रौद्योगिकी, रक्षा और अन्य प्रमुख क्षेत्रों पर केंद्रित व्यापक वार्ता की। स्वीडिश प्रधानमंत्री क्रिस्टर्सन ने दो-दिवसीय दौरे पर स्वीडन पहुंचे मोदी का गोथेनबर्ग हवाई अड्डे पर विशेष आगवानी की। दोनों पक्षों ने प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के दौरान द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं की समीक्षा की और पारस्परिक व्यापार को बढ़ाने के लिए सहयोग के नए रास्ते तलाशे। बातचीत में दोनों पक्षों ने हरित परिवर्तन, एआई, नयी प्रौद्योगिकियों, स्टार्टअप्स, सुदृढ़ आपूर्ति शृंखलाओं, रक्षा, अंतरिक्ष, जलवायु परिवर्तन और दोनों देशों के नागरिकों के बीच संबंध जैसे क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ावा देने पर ध्यान केंद्रित किया।

Advertisement
×