Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
Add Tribune As Your Trusted Source
search-icon-img
Advertisement

Independence Day: 80वें स्वतंत्रता दिवस से पहले अमेरिका का बड़ा सम्मान, न्यूयॉर्क-न्यू जर्सी में भारत दिवस का ऐलान

अमेरिका: न्यूयॉर्क और न्यू जर्सी 15 अगस्त को भारत का स्वतंत्रता दिवस मनाएंगे

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
Advertisement

Independence Day 2026 : अमेरिका के दो राज्यों, न्यूयॉर्क और न्यू जर्सी ने एक स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में भारत की यात्रा और भारतीय-अमेरिकी समुदाय के योगदान को मान्यता देने के लिए 15 अगस्त को उसके स्वतंत्रता दिवस को मनाने की घोषणा की है। न्यूयॉर्क की गवर्नर कैथी होकुल ने 15 अगस्त 2026 को पूरे राज्य में भारत का स्वतंत्रता दिवस मनाने की घोषणा की।

वहीं, न्यू जर्सी की गर्वनर मिकी शेरिल ने भी इसी तरह की घोषणा की है। न्यूयॉर्क स्थित भारत के महावाणिज्य दूतावास ने मंगलवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट के जरिए यह जानकारी दी। महावाणिज्य दूतावास ने कहा कि ये घोषणाएं भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोहों से पहले की गई हैं और इनमें "भारत की स्वतंत्रता यात्रा तथा भारत और अमेरिका के बीच साझा लोकतांत्रिक मूल्यों" को रेखांकित किया गया है। दोनों पड़ोसी राज्यों न्यूयॉर्क और न्यू जर्सी में अमेरिका के सबसे बड़े और प्रभावशाली भारतीय-अमेरिकी समुदाय के सदस्य रहते हैं। दोनों राज्यों द्वारा जारी बयान के मुताबिक भारतवंशी व्यापार, स्वास्थ्य सेवा, प्रौद्योगिकी, शिक्षा और सार्वजनिक सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।

Advertisement

न्यूयॉर्क स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने दोनों राज्यों के गवर्नर द्वारा की गई घोषणा के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ये घोषणाएं भारत-अमेरिका की दीर्घकालिक मित्रता और दोनों राज्यों में भारतीय-अमेरिकियों के महत्वपूर्ण योगदान को मान्यता देती हैं। यह अमेरिका के राज्य प्राधिकारियों की ओर से भारत के स्वतंत्रता दिवस को मान्यता देने की हालिया पहल हैं। भारतीय-अमेरिकी समुदाय पूरे देश में सांस्कृतिक कार्यक्रमों, ध्वजारोहण समारोहों और सामुदायिक आयोजनों के साथ यह दिवस मनाता है।

Advertisement

इस महीने की शुरुआत में मैसाचुसेट्स की गवर्नर माउरा हीली ने भी 15 अगस्त को 'भारत दिवस' घोषित किया था और राज्य में भारतीय प्रवासी समुदाय के योगदान को मान्यता दी थी। एक अगस्त को जारी एक घोषणा में हीली ने वार्षिक स्वतंत्रता दिवस समारोहों के माध्यम से नागरिक भागीदारी, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और आपसी समझ को बढ़ावा देने में सामुदायिक संगठनों की महत्वपूर्ण भूमिका को मान्यता दी।

Advertisement
×