लुधियाना में दूसरी शादी को लेकर विवाद में रिटायर्ड फौजी ने बेटे को गोली मारी, फिर जहर निगलकर दी जान
Father Shoots Son: लुधियाना के न्यू अग्र नगर में सनसनीखेज वारदात; पिता-पुत्र के बीच लंबे समय से चल रहा था विवाद, लाइसेंसी बंदूक से की फायरिंग
Father Shoots Son: लुधियाना के न्यू अग्र नगर इलाके में रविवार रात घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया। दूसरी शादी को लेकर चल रहे विवाद के बीच एक रिटायर्ड फौजी ने अपने इकलौते बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने घर लौटकर सल्फास निगल लिया, जिससे उसकी भी मौत हो गई। इस घटना से इलाके में दहशत और सनसनी फैल गई।
मृतकों की पहचान सुरिंदर सिंह और उनके बेटे गुरशरण सिंह उर्फ गिन्नी के रूप में हुई है। सुरिंदर सिंह सेना से करीब 25 वर्ष पहले सार्जेंट पद से सेवानिवृत्त हुए थे और वर्तमान में एक निजी बैंक में सुरक्षा गार्ड के तौर पर कार्यरत थे।
बताया जा रहा है कि करीब पांच वर्ष पहले पत्नी की मौत के बाद सुरिंदर सिंह एक महिला के संपर्क में थे और उससे शादी करना चाहते थे। उनका बेटा गुरशरण इस रिश्ते का विरोध कर रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।
रविवार देर रात दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई। आरोप है कि गुस्से में सुरिंदर सिंह ने अपनी लाइसेंसी 12 बोर डबल बैरल बंदूक निकाल ली और फायरिंग शुरू कर दी। पहली गोली घर के भीतर चली, जिसके बाद गुरशरण जान बचाने के लिए सड़क की ओर भागा। आरोपी पिता भी उसके पीछे गया और दोबारा फायरिंग कर दी। एक गोली गुरशरण के हाथ को छूते हुए निकल गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। इसके बाद सुरिंदर ने एक और गोली चलाई, जिससे बेटे की मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात के बाद सुरिंदर सिंह घर लौटे और करीब 10 मिनट बाद सल्फास निगल लिया। पड़ोसियों ने खून से लथपथ दृश्य देखकर पुलिस को सूचना दी और दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूत्रों के अनुसार, गुरशरण सिंह अविवाहित था और ड्राइवर का काम करता था। उसकी दो बहनें हैं पुष्पिंदर कौर इंग्लैंड में और हरप्रीत कौर कनाडा में रहती हैं। दोनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
स्थानीय लोगों और परिवार से जुड़े सूत्रों का कहना है कि पिता-पुत्र के बीच पिछले तीन वर्षों से लगातार विवाद चल रहा था। घर में कोई अन्य सदस्य न होने के कारण झगड़े बढ़ते चले गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने लाइसेंसी हथियार कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है।
