बहुत अनकम्फर्टेबल हूं, अंकल घूर रहे हैं..., कनॉट प्लेस में घूरती नजरों से परेशान हुई महिला, बीच सड़क पर पहनी दूसरी शर्ट
दिल्ली के कनॉट प्लेस में महिला का अजीब एक्सपीरियंस, बोली- ‘उम्मीद नहीं थी’
दिल्ली का कनॉट प्लेस घूमने-फिरने, शॉपिंग और दोस्तों के साथ समय बिताने के लिए मशहूर है। हाल ही में यहां घूमने पहुंची एक महिला का अनुभव सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया। महिला के मुताबिक, कुछ उम्रदराज पुरुष उसे लगातार घूर रहे थे, जिससे वह काफी असहज महसूस करने लगी। इसके बाद उसने बीच सड़क पर अपनी ड्रेस के ऊपर पिंक शर्ट पहन ली।
‘अंकल लगातार घूर रहे थे’
इसका वीडियो इंस्टाग्राम यूजर नेहा कोपानी ने शेयर किया है। वीडियो में उनकी दोस्त पहले से पहनी हुई ड्रेस के ऊपर पिंक शर्ट पहनती नजर आती है। नेहा जब उससे अचानक शर्ट पहनने की वजह पूछती हैं तो महिला बताती है कि कुछ ‘अंकल्स’ उसे घूर रहे थे। महिला कहती है कि इस वजह से वह अनकम्फर्टेबल महसूस कर रही थी। इसके बाद वह पिंक शर्ट के बटन बंद कर खुद को पूरी तरह कवर कर लेती है।
नेहा ने जताई नाराजगी
वीडियो में नेहा इस अनुभव पर नाराजगी जाहिर करती हैं। उनका कहना है कि अगर किसी महिला को अपनी पसंद के कपड़े पहनकर पब्लिक प्लेस में निकलते समय भी असहज महसूस करना पड़े, तो यह चिंता की बात है। नेहा ने खास तौर पर यह भी बताया कि उनकी दोस्त को घूरने वाले लोग युवा लड़के नहीं, बल्कि उम्रदराज पुरुष थे। उसे कनॉट प्लेस जैसी जगह पर इस तरह के व्यवहार की उम्मीद नहीं थी।
सोशल मीडिया पर शुरू हुई बहस
वीडियो वायरल होने के बाद कमेंट सेक्शन में पब्लिक प्लेसेज पर महिलाओं के अनुभव और अनचाही नजरों को लेकर चर्चा शुरू हो गई। कुछ यूजर्स ने कनॉट प्लेस में ऐसे अनुभव होने की बात कही, जबकि कुछ ने महिलाओं की सुरक्षा और कंफर्ट को लेकर चिंता जताई। एक यूजर ने सवाल किया कि महिला अपने साथ एक्स्ट्रा शर्ट लेकर आई थी, तो क्या उसे पहले से ऐसी स्थिति की आशंका थी। हालांकि, वीडियो में महिला ने यह स्पष्ट नहीं किया कि वह शर्ट अपने साथ क्यों लाई थी।

