HSSC ने बजा दी अगली सीटी: हजारों अभ्यर्थियों के लिए अब ‘मैदान की परीक्षा’
HSSC Recruitment Exam: पीएमटी के लिए शॉर्टलिस्ट जारी, 15-16 जून को कई बैचों में होगी भर्ती की अगली बड़ी प्रक्रिया
HSSC Recruitment Exam: हरियाणा में सरकारी नौकरी की दौड़ अब कागजों से निकलकर मैदान तक पहुंच गई है। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (एचएसएससी) ने विभिन्न भर्तियों के लिए फिजिकल मेजरमेंट टेस्ट (पीएमटी) की शॉर्टलिस्ट जारी कर दी है। इसके साथ ही हजारों अभ्यर्थियों के लिए भर्ती प्रक्रिया का अगला और अहम चरण शुरू हो गया है।
आयोग ने विज्ञापन संख्या 13/2024, 02/2026 और 04/2026 के तहत पात्र अभ्यर्थियों की सूची जारी करते हुए साफ कर दिया है कि अब चयनित उम्मीदवारों को तय समय और तय बैच के अनुसार रिपोर्ट करना होगा। देरी करने वालों को प्रवेश नहीं मिलेगा।
आयोग ने उम्मीदवारों से कहा है कि वे अपनी शॉर्टलिस्ट स्थिति, बैच और रिपोर्टिंग समय आयोग की वेबसाइट या जारी लिंक के माध्यम से तुरंत जांच लें, क्योंकि तय समय के बाद किसी प्रकार की राहत नहीं दी जाएगी। सरकारी नौकरी की इस दौड़ में अब अगला पड़ाव मैदान है और यहां तैयारी से ज्यादा समय की पाबंदी भी अहम होगी।
किन पदों के लिए खुला पीएमटी का दरवाजा
आयोग ने जिन पदों के लिए अभ्यर्थियों को पीएमटी के लिए बुलाया है उनमें डिप्टी रेंजर, वार्डर (पुरुष/महिला), असिस्टेंट सुपरिंटेंडेंट जेल, पुरुष एवं महिला कांस्टेबल (जनरल ड्यूटी), सब-इंस्पेक्टर, फॉरेस्टर और फॉरेस्ट गार्ड शामिल हैं। इन सभी पदों के लिए भर्ती शर्तों के आधार पर उम्मीदवारों की शॉर्टलिस्ट तैयार की गई है और सूची आयोग की वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है।
कहीं 10 गुना, कहीं 25 गुना मुकाबला
इस बार प्रतियोगिता भी अलग-अलग स्तर की दिखाई दे रही है। विज्ञापन संख्या 13/2024 के तहत खेल कोटा श्रेणी में डिप्टी रेंजर, वार्डर, असिस्टेंट सुपरिंटेंडेंट जेल, पुरुष एवं महिला कांस्टेबल और सब-इंस्पेक्टर पदों के लिए उपलब्ध पदों की संख्या के मुकाबले 10 गुना अभ्यर्थियों को पीएमटी के लिए बुलाया गया है। वहीं फॉरेस्टर (विज्ञापन 02/2026) और फॉरेस्ट गार्ड (विज्ञापन 04/2026) के लिए मुकाबला और बड़ा रखा गया है। इन दोनों पदों पर रिक्तियों के मुकाबले 25 गुना अभ्यर्थियों को अगले चरण के लिए चुना गया है।
15-16 जून को मैदान में होगी पहली असली परीक्षा
फॉरेस्ट गार्ड भर्ती के लिए पीएमटी 15 और 16 जून 2026 को आयोजित होगा। प्रक्रिया को चार बैचों में बांटा गया है ताकि व्यवस्था और समय प्रबंधन बेहतर रहे। पहला बैच सुबह 6:30 बजे, दूसरा सुबह 8:30 बजे, तीसरा सुबह 10:30 बजे और चौथा बैच दोपहर 12:30 बजे का रहेगा। आयोग ने साफ चेतावनी दी है कि निर्धारित समय के बाद किसी को प्रवेश नहीं मिलेगा। पहले बैच के लिए सुबह 7 बजे, दूसरे के लिए 9 बजे, तीसरे के लिए 11 बजे और चौथे के लिए दोपहर 1 बजे के बाद एंट्री बंद कर दी जाएगी।
बाकी पदों के उम्मीदवारों के लिए भी तय हुआ समय
फॉरेस्टर भर्ती तथा विज्ञापन 13/2024 के अंतर्गत आने वाले अन्य पदों के लिए पीएमटी 16 जून को चौथे बैच में आयोजित किया जाएगा। इन उम्मीदवारों को दोपहर 12:30 बजे रिपोर्ट करना होगा और 1 बजे के बाद प्रवेश बंद कर दिया जाएगा। आयोग ने यह भी कहा है कि जरूरत पड़ने पर भविष्य में पीएमटी के लिए बुलाए जाने वाले अभ्यर्थियों की संख्या बढ़ाई जा सकती है। यानी अभी जारी सूची अंतिम नहीं मानी जाएगी। साथ ही आयोग ने स्पष्ट किया है कि शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों के पंजीकरण नंबर सीईटी (कॉमन पात्रता परीक्षा) रजिस्ट्रेशन नंबर के आरोही क्रम में प्रकाशित किए गए हैं।
