रतिया में दिल दहला देने वाली घटना: पिता ने 5 वर्षीय बेटी को भाखड़ा नहर में फेंकने का दावा, पुलिस का सर्च ऑपरेशन जारी
स्कूल से बहाने से साथ ले गया था बच्ची को; परिजनों को बताई नहर में फेंकने की बात, पुलिस गोताखोरों की मदद से तलाश में जुटी
रतिया क्षेत्र के गांव खुनन से बुधवार को एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार गांव निवासी गुरप्रीत, जो खेतीबाड़ी करता है। बताया जाता है कि पिछले करीब दो-तीन वर्षों से मानसिक रूप से परेशान चल रहा है। परिजनों के अनुसार उसका उपचार भी चल रहा है।
बताया जाता है कि गुरप्रीत की दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी की उम्र करीब 10 वर्ष है, जबकि छोटी बेटी पांच वर्ष की है और बहबलपुर के एक स्कूल में पढ़ती है। बुधवार को गुरप्रीत स्कूल पहुंचा और किसी बहाने से अपनी छोटी बेटी को अपने साथ घर ले जाने की बात कहकर स्कूल से ले आया।
सूत्रों के अनुसार, कुछ समय पश्चात गुरप्रीत ने घर पहुंचकर परिजनों व आसपास के ग्रामीणों को बताया कि वह अपनी पांच वर्षीय बेटी को भाखड़ा नहर में फेंक आया है। यह सुनते ही परिवार के लोग स्तब्ध रह गए और उन्होंने तुरंत डायल-112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद सदर थाना प्रभारी शीशपाल के नेतृत्व में पुलिस टीम गुरप्रीत को साथ लेकर उसके बताए अनुसार रोजांवाली क्षेत्र में भाखड़ा नहर के पुल के पास पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच कर रही है। गुरप्रीत से पूछताछ की जा रही है तथा उसके बताए गए स्थान पर बच्ची की तलाश के लिए गोताखोरों को बुलाया गया है इसके पश्चात सर्च अभियान चलाया जायेगा। समाचार लिखे जाने तक बच्ची का कोई सुराग नहीं लग पाया था।
सदर थाना प्रभारी शीशपाल ने बताया कि पूरे मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है। अभी तक घटना के पीछे के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। प्रारंभिक तौर पर व्यक्ति के मानसिक रूप से बीमार होने की बात सामने आई है, लेकिन सभी तथ्यों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस परिजनों, और अन्य संबंधित लोगों से भी जानकारी जुटा रही है। इस दर्दनाक घटना के बाद रतिया सहित आसपास के पूरे क्षेत्र में सनसनी और शोक का माहौल है।

