Himachal Snowfall : हिमाचल में खत्म हुआ सूखा; शिमला में सीजन की पहली बर्फबारी, निचले इलाकों में झमाझम बारिश
शिमला के संजौली व ढली कस्बे में बर्फबारी, बारिश के कारण होडल में बिजली गुल
Himachal Snowfall : हिमाचल प्रदेश में सूखे का दौर खत्म हो गया है। राज्य में बीती आधी रात से व्यापक वर्षा और बर्फबारी हो रही है जबकि कुछ स्थानों पर आंधी तूफान का भी समाचार है। पर्यटन नगरी व प्रदेश की राजधानी शिमला में आज सुबह से ही ऊंचाई वाले इलाकों में हल्का हिमपात हो रहा है जबकि शहर के निचले इलाकों और आसपास के क्षेत्रों में लगातार वर्षा हो रही है।
मौसम में इस ताजा बदलाव से लोगों को कड़ाके की शीत लहर का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि पर्यटक और स्थानीय लोग सुबह-सुबह शहर के जाखू, संजौली, ढली, ढींगू मंदिर, छराबड़ा, कुफरी, मशोबरा, फागू, चायल और नारकंडा में हो रही इस बर्फबारी का आनंद ले रहे हैं। बर्षा, बर्फबारी और तेज हवाओं के कारण शिमला शहर के अधिकांश भागों में आधी रात से बिजली गुल है। ताजा वर्षा और बर्फबारी से किसानों और बागवानों ने राहत की सांस ली है।
राज्य में बीते 3 महीने से अधिक समय से वर्षा न होने से खासकर सेब की बागबानी बुरी तरह से प्रभावित हुई है क्योंकि सेब के पौधों को ठंडक नहीं मिल रही थी और इस बार चिल्लिंग आवर पूरे होना मुश्किल हो गया है।इस बीच मौसम विभाग ने आज दिन भर राज्य में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है। विभाग ने आज तीन जिलों चंबा, कल्लू और लाहौल स्पीति में कुछ स्थानों पर भारी बर्फबारी और वर्षा का ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है। इसे देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने और अनावश्यक यात्रा को टालने तथा बर्फबारी प्रभावित क्षेत्रों की ओर न जाने की एडवाइजरी जारी की है।
वहीं, बीती रात को रुक-रुक कर हुई बारिश के कारण होडल शहर के बिजली की लाइनों में आई खराबी से होडल शहर अंधकारमय हो गया। बीती रात को अचानक हुई बारिश के कारण होडल शहर के अधिकांश लाइनों में खराबी आ जाने के कारण होडल शहर के सभी फीडर रात को लगभग 2:30 बजे खराब हो गए। फीडरो के खराब हो जाने के कारण पूरा होडल शहर अंधकार में हो गया। हालांकि बिजली विभाग के अधिकारियों के द्वारा रात से ही बिजली को ठीक करने के प्रयास किए जाने लगे। लेकिन रुक-रुक कर हो गई बारिश के कारण बिजली गर्मी इस खराबी को दूर नहीं कर पाए।
इस कारण से पूरी रात बिजली गुल रहने से शहर वासियों को अंधकार का सामना करना पड़ा। बिजली विभाग के अधिकारियों के द्वारा होडल शहर में बिजली के तारों को ठीक करने के दावे किए गए थे। अधिकारियों का कहना था कि बिजली की तारों को ठीक करने के कारण नागरिकों को गर्मी में बिजली की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा, लेकिन इस सर्दी के मौसम में ही जरा सी बरसात से बिजली की तारों में आई खराबी के कारण बिजली विभाग के दावों की पोल खुल कर के रह गई है। सुबह आठ बजे तक भी होडल शहर की बिजली सुचारू रूप से आरंभ नहीं हो पाई है।

