Himachal School Holiday: मूसलाधार बारिश का कहर, सिरमौर और सोलन में आज स्कूल बंद, 34 सड़कें ठप
पांवटा प्रशासन ने सभी सरकारी-निजी शिक्षण संस्थानों में अवकाश घोषित किया, नदियां-नाले उफान पर; लोगों से सतर्क रहने की अपील
हिमाचल प्रदेश में पिछले 36 घंटों से जारी मूसलाधार मानसूनी बारिश ने सिरमौर जिले के कई हिस्सों में जनजीवन प्रभावित कर दिया है। लगातार बारिश, भूस्खलन और नदियों-नालों के उफान पर आने के चलते प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए सिरमौर के पांवटा उपमंडल तथा सोलन जिले में शुक्रवार को सभी शिक्षण संस्थानों में छात्रों के लिए अवकाश घोषित कर दिया है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, सिरमौर जिले के ग्रामीण इलाकों में कई स्थानों पर भूस्खलन की घटनाएं हुई हैं। हालांकि अब तक किसी भी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। वहीं, शिलाई क्षेत्र के पास गुरुवार देर शाम एक बैल गहरी खाई में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
जिले की प्रमुख नदियां टोंस, यमुना, बाटा, गिरि और मार्कंडा सहित कई छोटे-छोटे नाले उफान पर हैं। प्रशासन ने लोगों से नदियों और बरसाती नालों के आसपास न जाने तथा पूरी सतर्कता बरतने की अपील की है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की ओर से भारी बारिश और गरज-चमक का अलर्ट जारी किए जाने के बाद पांवटा के उपमंडलाधिकारी (एसडीएम) द्विज गोयल ने शुक्रवार को उपमंडल के सभी सरकारी एवं निजी स्कूलों, आंगनवाड़ी केंद्रों, बाल वाटिकाओं और अन्य शिक्षण संस्थानों में अवकाश घोषित कर दिया। गुरुवार देर रात जारी आदेशों में कहा गया है कि शिक्षण संस्थानों के प्रमुख और कर्मचारी प्रशासनिक तथा आपातकालीन कार्यों के लिए आवश्यकतानुसार उपलब्ध रहेंगे।
बारिश का असर सड़क यातायात पर भी पड़ा है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अनुसार सिरमौर जिले में कुल 34 सड़कें बंद हैं। इनमें शिलाई उपमंडल की 21 सड़कें, संगड़ाह की 8, नाहन की 4 और राजगढ़ की एक सड़क शामिल है। सड़कें बंद होने से कई ग्रामीण क्षेत्रों का संपर्क प्रभावित हुआ है।
उधर, सोलन के उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने भी भारी वर्षा को देखते हुए जिले के सभी सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों में शुक्रवार को छात्रों के लिए अवकाश घोषित किया है। प्रशासन ने लोगों से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है। (एजेंसी के इनपुट के साथ)

