Himachal Politics: जयराम ठाकुर का आरोप- मंत्रिमंडल नहीं मित्र मंडल चला रहे हैं सुक्खू सरकार
Himachal Politics: हिमाचल प्रदेश विधानसभा के 18 मार्च से शुरू होने जा रहे बजट सत्र के दूसरे हिस्से से पहले प्रदेश का राजनीतिक माहौल फिर से गर्माने लगा है। खासकर विपक्षी दल भाजपा ने बजट सत्र के दूसरे हिस्से से...
Himachal Politics: हिमाचल प्रदेश विधानसभा के 18 मार्च से शुरू होने जा रहे बजट सत्र के दूसरे हिस्से से पहले प्रदेश का राजनीतिक माहौल फिर से गर्माने लगा है। खासकर विपक्षी दल भाजपा ने बजट सत्र के दूसरे हिस्से से पहले तेवर दिखाने आरंभ कर दिए हैं। इससे सत्र के हंगामेदार होने की संभावना है।
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सोमवार को शिमला में एक पत्रकार वार्ता में सुक्खू सरकार पर हमला करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का सरोकार सिर्फ सत्ता में बने रहना और अपनी कुर्सी बचाए रखना है। उनका प्रदेश के विकास से कोई लेना-देना नहीं है, क्योंकि प्रदेश का विकास पूरी तरह से रुक गया है और इस पर पूर्ण विराम लग गया है। जयराम ठाकुर ने यह भी कहा कि हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार को सुक्खू मंत्रिमंडल नहीं बल्कि सुक्खू का मित्र मंडल चल रहा है। यही मित्र मंडल तय कर रहा है कि पैसा कहां खर्च करना है और कहां उड़ाना है।
जयराम ठाकुर ने दावा किया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का साढ़े तीन साल का कार्यकाल केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उन्हें (जयराम ठाकुर) कोसने में बीत गया। उन्होंने आरोप लगाया कि सुक्खू ने इस अवधि में हिमाचल को बर्बाद कर दिया है और महज 3 साल में ही 40,000 करोड रुपए का कर्ज ले लिया है। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने अपने दो कार्यकाल में हिमाचल को 89000 करोड रुपए की मदद की। इसके बावजूद मुख्यमंत्री बीते साढे तीन सालों से केंद्र पर हिमाचल के साथ भेदभाव का आरोप लगाते रहे हैं।
जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल के साथ केंद्र द्वारा असल भेदभाव पूर्व यूपीए सरकार के कार्यकाल में हुआ जब मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री और सोनिया गांधी यू पी ए की चेयरपर्सन थी। जयराम ठाकुर ने कहा कि केंद्र द्वारा हिमाचल को दी गई आर्थिक सहायता से पूर्व भाजपा सरकार में जहां हिम केअर, सहारा योजना और जल जीवन मिशन के माध्यम से हर घर को नल से जल और इसी तरह की अन्य योजनाएं प्रदेश में सफलतापूर्वक चलाई गई वहीं मौजूदा सरकार के कार्यकाल में केंद्र से मिली सहायता से सुक्खू सरकार ने एक भी विकास का काम नहीं किया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश को मिलने वाला राजस्व घाटा अनुदान आरडीजी अभी 31 मार्च को समाप्त होनी है लेकिन मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू बीते साढे तीन सालों से खजाना खाली होने का रोना रो रहे हैं। उन्होंने पूछा कि राज्य को बीते साढे तीन सालों के दौरान मिली आरडीजी की राशि का क्या हुआ ? जयराम ठाकुर ने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार ने केंद्र से मिली पाई पाई को प्रदेश के गरीब और जरूरतमंद पर खर्च किया और 60 साल से अधिक आयु के हर वर्ग के लोगों के लिए सामाजिक सुरक्षा पेंशन जैसी योजना भी आरंभ की।
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानूनी व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं रह गई है। उन्होंने सिरमौर जिला के सिलाई में 25 पेड़ काटने की अनुमति की आड़ में 300 पेड़ काटे जाने के मामले में एफआईआर दर्ज न होने और कोई गिरफ्तारी नहीं किए जाने के लिए सरकार की आलोचना की।
उन्होंने सुक्खू सरकार को यह भी चुनौती दी की वह पूर्व भाजपा सरकार के किसी भी मंत्री को गिरफ्तार करके दिखाएं। जयराम ठाकुर ने ऊना जिला के पेखु बेला में सोलर पावर प्लांट का मामला भी उठाया और कहा कि भ्र्ष्टाचार का पर्याय बन चुका यह प्रोजेक्ट पूरी तरह से बर्बाद हो चुका है। उन्होंने यह भी कहा कि सुक्खू मंत्रिमंडल के अधिकांश मंत्री गले तक भ्रष्टाचार में डूबे हुए हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार पर हिमाचल को बेचने का आरोप भी लगाया।
नेता प्रतिपक्ष ने यह भी कहा कि सुक्खू सरकार द्वारा उद्योगपतियों से की जा रही अवैध वसूली के कारण बड़ी संख्या में उद्योग हिमाचल से पलायन करके बाहर जा रहे हैं क्योंकि उनमें दहशत का माहौल है
अच्छा हुआ जो उम्मीदवार नहीं दिया
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने एक सवाल के जवाब में कहा कि अच्छा हुआ जो भाजपा ने राज्यसभा सीट के लिए अपना उम्मीदवार चुनाव मैदान में नहीं उतरा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस खासकर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को इसके लिए भाजपा का शुक्रगुजार होना चाहिए क्योंकि यदि भाजपा ने अपना उम्मीदवार खड़ा कर दिया होता तो अभी तक कांग्रेस खासकर मुख्यमंत्री सो नहीं पाते और उनकी नींद उड़ गई होती। उन्होंने यह भी कहा कि अच्छा होता कि कांग्रेस किसी आम कार्यकर्ता को राज्यसभा का टिकट देती न कि एक करोड़पति को।

