विधानसभा में हंगामे के बाद CM सुक्खू का ऐलान, MLA निधि की शेष राशि जल्द होगी जारी
Himachal MLA Fund: सरकार विधायक ऐच्छिक निधि जारी करने पर भी विचार करेगी
Himachal MLA Fund: हिमाचल प्रदेश में विधायकों को जल्द ही विधायक क्षेत्र विकास निधि की शेष दो किस्तों की सौगात मिलेगी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बुधवार को विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान इस मुद्दे पर विपक्ष द्वारा किए गए हंगामे के बाद विधायक क्षेत्र विकास निधि की 1.10 करोड़ रुपए की शेष दो किस्तें 31 मार्च से पहले जारी करने की घोषणा की। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार विधायक ऐच्छिक निधि जारी करने पर भी विचार करेगी।
इससे पूर्व, विधायक प्रकाश राणा के मूल प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री ने कहा कि भविष्य में विधायक क्षेत्र विकास निधि जारी करने के स्वरूप पर विपक्ष के नेताओं से जल्द ही चर्चा की जाएगी। उन्होंने विधायक प्रकाश राणा द्वारा विधायक क्षेत्र विकास निधि की अधिकांश राशि महिला मंडलों को जारी किए जाने पर आपत्ति जताई और कहा कि नियमों के तहत कुल राशि का केवल 10 फीसदी ही महिला मंडलों को जारी किया जा सकता है। इसके विपरीत प्रकाश राणा ने 543 महिला मंडलों को विधायक क्षेत्र विकास निधि बांट दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला मंडलों को यह राशि दी जा सकती है, लेकिन एक सीमा से अधिक नहींं। उन्होंने सलाह दी कि विधायक अपनी विधायक निधि को पूंजीगत कार्यों पर भी खर्च करे ताकि प्रदेश की जीएसडीपी में भी वृद्धि हो। विधायक प्रकाश राणा ने प्रतिपूरक प्रश्न के माध्यम से सरकार पर विधायक क्षेत्र विकास निधि को लेकर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार ने इस निधि को बंद करके विधायकों को शून्य कर दिया है।
राणा ने कहा कि जब विधायक के पास कुछ नहीं है, तो क्या उन्हें रिजाइन नहीं दे देना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब विधायक के पास विधायक निधि नहीं होगी तो विधायक क्या करेंगे। उन्होंने कहा कि जब बजट में विधायक निधि का प्रावधान किया है तो वह क्यों नहीं मिल रही।
इसी मुद्दे पर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि विधायक क्षेत्र विकास निधि की राशि विधानसभा द्वारा पारित बजट में शामिल है। उन्होंने पूछा कि क्या इस बजट को खत्म किया जा सकता है। उन्होंने सरकार से इस राशि को तुरंत जारी करने की भी मांग की और कहा कि विधायक इस निधि के अपने क्षेत्र के विकास पर ही खर्च कर रहे हैं, न कि व्यक्तिगत तौर पर।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री खुद एक साथ 600 महिला मंडलों को 20-20 हजार रुपये घोषणा कर दो करोड़ रुपये बांट देते हैं, तो क्या इससे ऐसेट का निर्माण हुआ है। उन्होंने कहा कि आपदा के दौरान टूटे रास्तों और अन्य विकास कार्यों के लिए विधायकों ने कई घोषणाएं कर रखी हैं, क्या उसके लिए राशि जारी नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि आपदा के दौरान टूटे रास्तों और अन्य विकास कार्यों के लिए विधायकों ने कई घोषणाएं कर रखी हैं, क्या उसके लिए राशि जारी नहीं होनी चाहिए।

