Himachal Fire: हिमाचल के सिरमौर में भीषण अग्निकांड, 5 की मौत की आशंका
Himachal Fire: नौहराधार के तेलांगना गांव में हुआ दर्दनाक हादसा, बच्चे भी बताए जा रहे शामिल
Himachal Fire: हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर में एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। श्री रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र के नौहराधार इलाके में भीषण अग्निकांड के दौरान 5 से 6 लोगों के जिंदा जलने की आशंका जताई जा रही है। यह दर्दनाक हादसा घंडूरी पंचायत के तेलांगना गांव में हुआ।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतकों में बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया।
प्रशासन और राहत दल मौके के लिए रवाना
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम संगड़ाह घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। पुलिस और बचाव दल की टीमें भी मौके पर भेजी गई हैं। प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है।
बताया जा रहा है कि चौपाल क्षेत्र का निवासी लोकेंद्र अपने परिवार सहित ससुराल आया हुआ था। इसी दौरान रात को हुए भीषण अग्निकांड में पूरा परिवार इसकी चपेट में आ गया। हादसे की सूचना प्रशासन को वीरवार तड़के मिली।
इलाके में अफरा-तफरी
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल है। स्थानीय लोग भी राहत कार्यों में जुटे हुए हैं। प्रशासन द्वारा मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया जा रहा है और हताहतों की आधिकारिक पुष्टि की प्रतीक्षा की जा रही है।

