Himachal Bus Accident: चंबा के चुराह में बड़ा बस हादसा, खाई में गिरी निजी बस; 7 की मौत, कई घायल
बैरागढ़-चंबा रूट पर चल रही बस चालुंज के पास सड़क से फिसलकर नीचे दूसरी सड़क पर जा गिरी; राहत-बचाव कार्य जारी, मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के चुराह उपमंडल में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में कम से कम 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 अन्य घायल बताए जा रहे हैं। हादसा बैरागढ़-चंबा मार्ग पर चालुंज के पास हुआ, जहां निजी बस सड़क से फिसलकर नीचे दूसरी सड़क पर जा गिरी और पलट गई।
निजी बस बैरागढ़ से चंबा की ओर जा रही थी। चालुंज मोड़ के पास अचानक बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरी। हादसे के बाद बस नीचे वाली सड़क पर पलट गई। कई यात्री बस के मलबे के नीचे फंस गए।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और बचाव दल मौके पर पहुंचे। यात्रियों को मलबे से निकालने के लिए राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। जेसीबी और बैकहो लोडर की मदद से पलटी बस को उठाकर उसके नीचे फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया।
घायलों को आसपास के स्वास्थ्य केंद्रों में पहुंचाया गया है। मृतकों की पहचान और घायलों की सही संख्या अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, ऐसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।
चुराह के विधायक हंसराज ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने चालुंज के पास हुए हादसे को बेहद पीड़ादायक बताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
चुराह क्षेत्र की पहाड़ी सड़कों पर लगातार सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल उठते रहे हैं। यहां कई स्थानों पर तीखे मोड़, संकरी सड़कें और खड़ी ढलानें वाहन चालकों के लिए चुनौती बनी रहती हैं। सार्वजनिक परिवहन के वाहनों के लिए भी इन मार्गों पर दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
इस साल मई में भी चंबा जिले में एक भीषण सड़क हादसे में बेंगलुरु के सात पर्यटकों और वाहन चालक समेत आठ लोगों की मौत हुई थी। वाहन बैरागढ़-साच पास मार्ग पर गहरी खाई में गिर गया था।

