Himachal Bus Accident : हिमाचल प्रदेश में बड़ा हादसा टला, HRTC बस पहाड़ी से टकराई, 12 घायल
ब्रेक फेल से मची अफरातफरी, ड्राइवर की सूझबूझ से बची 50 जानें
Himachal Bus Accident : हिमाचल प्रदेश के अंब क्षेत्र के पास रविवार को हिमाचल सड़क परिवहन निगम (एचआरटीसी) की एक बस के पहाड़ी से टकरा जाने के बाद कम से कम 12 यात्री घायल हो गए। अधिकारियों के अनुसार, यह दुर्घटना सिद्ध चलेहर के पास हुई, जब धर्मशाला से पंजाब के होशियारपुर जा रही एचआरटीसी की बस का ब्रेक फेल हो गया, जिसके कारण चालक वाहन को रोक नहीं पाया। बस में लगभग 50 यात्री सवार थे।
पुलिस ने बताया कि हालांकि, चालक ने बस को सड़क के किनारे चट्टान की ओर मोड़कर रोक दिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और बस खाई में गिरने से बच गई। इस दौरान, सड़क किनारे एक ढाबे के बाहर खड़ी एक कार को भी टक्कर लगी और वह क्षतिग्रस्त हो गई।
पुलिस ने बताया कि तीन व्यक्तियों-कांगड़ा के देहरा निवासी अश्विनी (33), लग बलियाना निवासी राकेश कुमार (44), और कांगड़ा के बागली निवासी विनोद-को अंब के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज हो रहा है। पुलिस ने बताया कि शेष घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया। ऊना के पुलिस अधीक्षक सचिन हीरेमठ ने बताया कि इस घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।

