HCS Exam 2026: हरियाणा में HCS प्रारंभिक परीक्षा आज, 93 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी ले रहे एग्जाम में हिस्सा
HCS Exam 2026: 8 जिलों में 337 सेंटर, कड़ी सुरक्षा के बीच दो शिफ्ट में परीक्षा; यमुनानगर में 23 केंद्रों पर खास निगरानी
HCS Exam 2026: हरियाणा में आज हरियाणा सिविल सेवा की प्रारंभिक परीक्षा आयोजित की जा रही है। प्रदेशभर में इस परीक्षा को लेकर कड़े इंतजाम किए गए हैं। प्रारंभिक परीक्षा में पूरे हरियाणा से 93,696 अभ्यर्थी हिस्सा ले रहे हैं। इसके लिए प्रदेश के 8 जिलों में कुल 337 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा दो शिफ्टों में आयोजित की जा रही है। पहली शिफ्ट सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। प्रशासन की ओर से परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
यमुनानगर जिले में कुल 23 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां सुबह से ही अभ्यर्थियों की भीड़ देखने को मिली। परीक्षा केंद्रों पर CCTV कैमरों से निगरानी की जा रही है, वहीं भारी पुलिस बल भी तैनात किया गया है। हर अभ्यर्थी की सख्ती से जांच की जा रही है ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोका जा सके।
वहीं पर दूसरे जिलों से परीक्षा देने आए अभ्यार्थियों के अंदर एक जोश देखा गया कि वह एचसीएस की परीक्षा देने पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने पहले भी परीक्षा दी है और इस बार उनकी परीक्षा अच्छी जाएगी जिसको लेकर उनके अंदर एक एक्साइटमेंट है।
यमुनानगर की उपायुक्त प्रीति और पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल खुद परीक्षा केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि परीक्षा प्रक्रिया में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। साथ ही उन्होंने अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं भी दीं और कहा कि पूरी पारदर्शिता के साथ परीक्षा करवाई जाएगी।
परीक्षा केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों के साथ आए अभिभावकों को कुछ परेशानियों का सामना भी करना पड़ा। उनका कहना है कि केंद्रों के आसपास ना तो बैठने की उचित व्यवस्था है और ना ही पार्किंग की सुविधा, जिससे उन्हें दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं।
कुल मिलाकर, प्रशासन जहां परीक्षा को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है, वहीं व्यवस्थाओं को लेकर कुछ कमियां भी सामने आई हैं। अब देखना होगा कि दिनभर चलने वाली इस परीक्षा को प्रशासन कितनी बेहतर तरीके से संपन्न कर पाता है।

