मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के ‘स्मार्ट हरियाणा’ विजन को सबसे पहले जमीन पर उतारने का मौका दादरी को मिला है। दादरी में करीब 35 करोड़ रुपये की लागत से हाईटेक ‘स्मार्ट रोड’ बनाने का ऐलान हुआ है। इसे दादरी को प्रदेश की ‘पायलट सिटी’ के रूप में स्थापित करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ‘विकसित हरियाणा 2047’ के विजन के साथ आगे बढ़ रहे हैं, जिसमें शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करना शामिल है। हर शहर में ‘स्मार्ट बाजार’ और ‘स्मार्ट रोड’ तथा हर गांव में ‘स्मार्ट गली’ का सपना इसी विजन का हिस्सा है। दादरी में स्मार्ट रोड की शुरुआत को इस बड़े विजन की पहली मजबूत कड़ी माना जा रहा है। दादरी अब केवल एक सामान्य शहर नहीं रहेगा बल्कि ‘स्मार्ट डेवलपमेंट’ का प्रतीक बनने की राह पर है।
टेक्नोलॉजी और सुविधाओं का फुल पैकेज : घोषित स्मार्ट रोड दादरी शहर के प्रमुख हिस्सों को जोड़ेगी। यह रविदास बस्ती से शुरू होकर सरदार झाडू सिंह चौक, वाल्मीकि बस्ती, बदवाना गेट, परशुराम चौक, आदर्श धर्मशाला चौक होते हुए ओल्ड कॉलेज रोड तक जाएगा। यह सड़क पारंपरिक नहीं, बल्कि पूरी तरह ‘फ्यूचर रेडी’ होगी। सड़क पर मॉडर्न लाइटिंग सिस्टम होगा। हर मूवमेंट पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगेंगे। पूरे रूट पर वाई-फाई कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी। सड़क के दोनों ओर ओपन ड्रेनेज सिस्टम विकसित किया जाएगा। एक में सीवरेज और पानी की पाइपलाइन होंगी, जबकि दूसरे में बिजली, इंटरनेट और भविष्य में गैस पाइपलाइन की सुविधा का प्रावधान रहेगा। जहां संभव होगा, वहां सड़क को फोर लेन बनाया जाएगा, फुटपाथ विकसित होंगे और हरियाली बढ़ाने के लिए पौधरोपण व छोटे पार्क भी तैयार किए जाएंगे।
अब दूसरे हलकों में बढ़ेगी दौड़
राजनीतिक जानकार मानते हैं कि दादरी में स्मार्ट रोड का प्रोजेक्ट दरअसल पूरे हरियाणा के लिए एक ‘टेस्ट मॉडल’ होगा। अगर यह प्रोजेक्ट सफल रहता है, तो आने वाले समय में प्रदेश के अन्य शहरों में भी इसी तर्ज पर विकास कार्य देखने को मिलेंगे। यही वजह है कि अब दूसरे हलकों के विधायक भी अपने-अपने क्षेत्रों में स्मार्ट रोड और स्मार्ट बाजार की मंजूरी के लिए सक्रिय होते नजर आ सकते हैं।
स्मार्ट बाजार का ‘यूनिक कॉन्सेप्ट’: एक रंग, एक पहचान
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के ‘स्मार्ट बाजार’ कॉन्सेप्ट में हर दुकान का लुक एक जैसा होगा। शटर से लेकर साइन बोर्ड तक एक ही डिजाइन का होगा। पूरा बाजार एक थीम बेस्ड रंग में रंगा नजर आएगा। इससे बाजार न केवल व्यवस्थित दिखेगा, बल्कि शहर की एक अलग पहचान भी बनेगी। हालांकि दादरी में स्मार्ट बाजार के लिए अभी इंतजार करना होगा, लेकिन संकेत साफ हैं कि यह योजना भी जल्द धरातल पर उतर सकती है।
सांगवान की रणनीति सफल : 150 मांगों में ‘स्मार्ट दांव’ हिट दादरी के विधायक सुनील सांगवान लंबे समय से शहर के लिए ‘स्मार्ट रोड’ और ‘स्मार्ट बाजार’ की पैरवी कर रहे थे। शनिवार को ‘विकसित दादरी रैली’ में उन्होंने मुख्यमंत्री के सामने करीब 150 मांगों की सूची रखी। खास बात यह रही कि सीएम ने इनमें से अधिकांश मांगों को मौके पर ही मंजूरी दे दी। हालांकि, ‘स्मार्ट बाजार’ को लेकर अभी फिजिबिलिटी रिपोर्ट लंबित है, लेकिन इसे पूरी तरह खारिज नहीं किया गया। यानी दादरी को जल्द ही ‘डबल स्मार्ट’ पहचान मिलने की संभावना बरकरार है।

