Haryana Weather Update: 13-14 अप्रैल को आंशिक बादल छाए रहने की संभावना, पश्चिमी विक्षोभ का पड़ेगा असर
Haryana Weather Update: कृषि विश्वविद्यालय हिसार का पूर्वानुमान, दिन का तापमान बढ़ेगा, रात में गिरावट
Haryana Weather Update: हरियाणा में आने वाले दिनों में मौसम सामान्यतः शुष्क लेकिन बदलाव भरा रहने वाला है। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी ताज़ा पूर्वानुमान के अनुसार राज्य में 14 अप्रैल तक मौसम खुश्क रहने की संभावना है।
विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि 12 अप्रैल की रात एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। इसके आंशिक प्रभाव से 13 और 14 अप्रैल को प्रदेश के कुछ इलाकों में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है।
इस दौरान हवाओं की दिशा और गति में भी बदलाव देखने को मिलेगा। बीच-बीच में हल्की से मध्यम गति की हवाएं चल सकती हैं, जिससे मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा।
तापमान की बात करें तो दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है, जबकि रात के तापमान में हल्की गिरावट की संभावना जताई गई है। विशेषज्ञों के अनुसार किसानों को बदलते मौसम को ध्यान में रखते हुए फसलों की देखभाल करनी चाहिए।
दिल्ली में वायु गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में रही
राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार सुबह न्यूनतम तापमान 16.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो मौसम के सामान्य तापमान से 3.7 डिग्री कम है। स्टेशनवार आंकड़ों के अनुसार, पालम में न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.4 डिग्री कम है जबकि लोधी रोड में 15.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा, जो सामान्य से 3.8 डिग्री कम है।
वहीं, रिज में यह 15.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा, जो सामान्य से 4.2 डिग्री कम है। आयानगर में न्यूनतम तापमान 15.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.8 डिग्री कम है। मौसम विभाग ने अधिकतम तापमान लगभग 33 डिग्री सेल्सियस रहने और दिन में तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान जताया है। विभाग के मुताबिक, दिल्ली में सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 141 रहा जो कि 'मध्यम' श्रेणी में आता है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मानकों के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई 'अच्छा', 51 से 100 के बीच 'संतोषजनक', 101 से 200 के बीच 'मध्यम', 201 से 300 के बीच 'खराब', 301 से 400 के बीच 'अत्यंत खराब' और 401 से 500 के बीच एक्यूआई को 'गंभीर' माना जाता है।

