Haryana: कैथल में दर्दनाक सड़क हादसा: एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत, एक युवक घायल
Kaithal Road Accident: कैथल में कुरुक्षेत्र रोड स्थित नेशनल हाईवे-152 पर देर रात हुए सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे...
Kaithal Road Accident: कैथल में कुरुक्षेत्र रोड स्थित नेशनल हाईवे-152 पर देर रात हुए सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा।
मृतकों की पहचान चिरंजीव कॉलोनी निवासी 74 वर्षीय देवराज, उनकी 72 वर्षीय पत्नी उषा तथा 45 वर्षीय पुत्र सचिन के रूप में हुई है। हादसे में घायल अमन नामक युवक को तुरंत उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत पर डॉक्टर नजर बनाए हुए हैं।
वैगनआर कार में कुल चार लोग सवार थे और वे शाहाबाद से कैथल की ओर आ रहे थे। जैसे ही कार नेशनल हाईवे-152 के समीप पहुंची, अचानक सड़क पर एक बेसहारा पशु आ गया। पशु को बचाने के प्रयास में चालक कार पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन सड़क किनारे खड़े सफेदा के पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए कार की खिड़कियां तोड़कर अंदर फंसे घायलों और मृतकों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को कैथल के नागरिक अस्पताल भिजवाया गया, जहां डॉक्टरों ने देवराज, उषा और सचिन को मृत घोषित कर दिया।
सदर थाना एसएचओ रमेश चंद्र ने बताया कि मृतक देवराज का शाहाबाद के एक अस्पताल में टांगों में सूजन की बीमारी का इलाज चल रहा था और परिवार इलाज के बाद कैथल लौट रहा था। हादसा देर रात करीब साढ़े 12 बजे हुआ। पुलिस ने मृतक दंपत्ति के पुत्र राजीव के बयान के आधार पर मामले में इत्तेफाकिया मौत की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि तीनों शवों का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंपा जाएगा। मामले की जांच जारी है

