चरखी दादरी बस स्टैंड से हरियाणा रोडवेज की बस चोरी, CCTV खंगाल रही पुलिस
Haryana Roadways Bus Theft: भिवानी के लोहारू सब डिपो की बस रात करीब 8:55 बजे गायब, सुबह ड्राइवर पहुंचा तो नहीं मिली बस; पुलिस जांच में जुटी
Haryana Roadways Bus Theft: चरखी दादरी बस स्टैंड से हरियाणा रोडवेज की एक बस चोरी हो जाने का मामला सामने आया है, जिससे रोडवेज विभाग और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, भिवानी जिले के लोहारू सब डिपो की बस (नंबर HR55GV-3683) देर शाम दादरी बस स्टैंड पर खड़ी की गई थी। रात के समय बस स्टैंड पर खड़ी यह बस करीब रात 8:55 बजे चोरी हो गई।
सुबह जब बस चालक महेंद्र सिंह लोहारू के लिए बस लेने बस स्टैंड पहुंचे तो बस अपने स्थान पर नहीं मिली। बस गायब होने की सूचना मिलते ही रोडवेज स्टैंड पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद चालक महेंद्र सिंह ने बस अड्डा पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि चोरों का पता लगाया जा सके।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही बस चोरी की गुत्थी सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है।

