Haryana Road Accident: कालांवाली-रोड़ी रोड स्कूल बस व पिकअप में टक्कर, चालक की मौत
Haryana Road Accident: सिरसा जिला स्थित कालांवाली में कालांवाली-रोड़ी रोड पर गांव तिलोकेवाला स्थित पेट्रोल पंप के पास सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में एक निजी स्कूल बस और पिकअप वाहन की आमने-सामने टक्कर हो गई,...
Haryana Road Accident: सिरसा जिला स्थित कालांवाली में कालांवाली-रोड़ी रोड पर गांव तिलोकेवाला स्थित पेट्रोल पंप के पास सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में एक निजी स्कूल बस और पिकअप वाहन की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसमें पिकअप चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिकअप परिचालक और स्कूल बस चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। गनीमत यह रही कि स्कूल बस में सवार सभी 26 बच्चे सुरक्षित हैं।
मृतक की पहचान राजकुमार निवासी गांव हम्जापुर, जिला फतेहाबाद के रूप में हुई है। घायल पिकअप परिचालक का नाम मग्घर सिंह बताया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम और कालांवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक निजी स्कूल की बस कालांवाली से करीब 26 बच्चों को लेकर गांव तिलोकेवाला स्थित स्कूल जा रही थी। इसी दौरान रतिया से सरदूलगढ़ होते हुए कालांवाली की ओर आ रही एक पिकअप गाड़ी पेट्रोल पंप के पास किसी अन्य वाहन को ओवरटेक कर रही थी। ओवरटेक के दौरान पिकअप सीधे स्कूल बस से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
चालक की समझदारी से बची बच्चों की जान
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पिकअप वाहन को तेज गति से ओवरटेक करते देख स्कूल बस चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को सड़क से नीचे कच्चे हिस्से में उतार दिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। बावजूद इसके पिकअप वाहन बस से टकरा गया। हादसे में बस चालक घायल हो गया, जबकि बस में सवार सभी बच्चे सुरक्षित रहे। एक बच्चे को मामूली चोट आई है।
घायलों को पहुंचाया गया अस्पताल
हादसे के बाद सहारा सरबत ट्रस्ट की एंबुलेंस की मदद से पिकअप चालक व परिचालक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कालांवाली ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने राजकुमार को मृत घोषित कर दिया। घायल बस चालक और पिकअप परिचालक का उपचार जारी है।
इलाके में मची अफरा-तफरी, अभिभावकों ने ली राहत की सांस
स्कूल बस हादसे की खबर फैलते ही कालांवाली क्षेत्र में हड़कंप मच गया। अभिभावक अपने-अपने बच्चों की जानकारी लेने स्कूल और घटनास्थल पर पहुंचने लगे। जब यह स्पष्ट हुआ कि बस में सवार सभी बच्चे सुरक्षित हैं, तो अभिभावकों और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। बच्चों को दूसरी बस से स्कूल पहुंचाया गया और प्राथमिक जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सभी को सुरक्षित बताया।
मंगलवार को तय होनी थी बेटी की शादी
पिकअप परिचालक मग्घर सिंह ने बताया कि मृतक राजकुमार गांव-गांव अनाज बेचने का काम करते थे। उनके परिवार में दो बेटियां और एक बेटा है। एक बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि दूसरी बेटी की सगाई डबवाली में तय है। मंगलवार को ही बेटी की शादी तय करने के लिए डबवाली जाना था, लेकिन उससे पहले ही यह दर्दनाक हादसा हो गया।
पुलिस कर रही है जांच
इस संबंध में कालांवाली थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। प्रारंभिक जांच में गलती पिकअप चालक की सामने आ रही है। दोनों पक्ष थाने में उपस्थित हैं और पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

