Haryana Rajya Sabha Election: भाजपा के संजय भाटिया और कांग्रेस के करमबीर सिंह बौद्ध विजयी, हुड्डा बोले– “अग्नि परीक्षा पास की”
Haryana Rajya Sabha Election: हरियाणा में राज्यसभा की दो सीटों के लिए हुए चुनाव में सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्षी कांग्रेस ने एक-एक सीट पर जीत दर्ज की। भाजपा के संजय भाटिया और कांग्रेस करमबीर सिंह बौद्ध राज्यसभा के लिए निर्वाचित...
Haryana Rajya Sabha Election: हरियाणा में राज्यसभा की दो सीटों के लिए हुए चुनाव में सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्षी कांग्रेस ने एक-एक सीट पर जीत दर्ज की। भाजपा के संजय भाटिया और कांग्रेस करमबीर सिंह बौद्ध राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए।
राज्यसभा चुनाव के दौरान विधानसभा की कुल 90 सीटों में से 88 विधायकों ने मतदान किया। दो विधायकों वाली इनेलो ने मतदान से दूरी बनाए रखी। मतदान के बाद मतों की जांच में कांग्रेस के चार वोट और भाजपा का एक वोट रद्द कर दिया गया। इस तरह कुल 83 मत वैध पाए गए। चुनाव में कांग्रेस के पांच विधायकों के क्रॉस वोटिंग करने की भी चर्चा रही, जिससे मुकाबला काफी दिलचस्प हो गया।
मतों के अंतिम आंकड़ों के अनुसार भाजपा उम्मीदवार संजय भाटिया को 28.66 वोट मिले और वे विजयी रहे। कांग्रेस उम्मीदवार करमबीर सिंह बौद्ध को 28 वोट प्राप्त हुए और वे भी राज्यसभा पहुंचने में सफल रहे। वहीं निर्दलीय उम्मीदवार सतीश नांदल को 26.34 वोट मिले।
चुनाव परिणाम आने के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि पार्टी ने “अग्नि परीक्षा” पास कर ली है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने विधायकों को एकजुट रखने में सफल रही और पार्टी ने अपनी सीट सुरक्षित कर ली।
इससे पहले सोमवार को मतदान समाप्त होने के बाद मतगणना में उस समय देरी हो गई, जब भाजपा और कांग्रेस ने एक-दूसरे पर मत की गोपनीयता के उल्लंघन का आरोप लगाया। मतदान शाम चार बजे समाप्त हुआ था और मतगणना शाम पांच बजे शुरू होनी थी, लेकिन विवाद के कारण इसे रोक दिया गया। बाद में निर्वाचन आयोग की अनुमति मिलने के बाद मतगणना दोबारा शुरू की गई।
भाजपा की ओर से मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के दो विधायकों—ऐलनाबाद के भरत सिंह बेनीवाल और टोहाना के परमबीर सिंह ने मतपत्र को निर्धारित तरीके से नहीं मोड़ा, जिससे मतदान की गोपनीयता भंग हुई। भाजपा ने इस संबंध में निर्वाचन आयोग से शिकायत की।
वहीं कांग्रेस नेता अरोड़ा ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि मतदान के समय कोई आपत्ति दर्ज नहीं कराई गई थी और शिकायत जानबूझकर बाद में की गई। कांग्रेस ने भी भाजपा के वरिष्ठ नेता और मंत्री अनिल विज के खिलाफ गोपनीयता उल्लंघन की शिकायत की।
चुनाव में भाजपा के संजय भाटियाऔर कांग्रेस के करमबीर सिंह बौद्ध के अलावा निर्दलीय उम्मीदवार सतीश नांदल भी मैदान में थे। दो विधायकों वाली इनेलो ने मतदान से दूरी बनाए रखी।

