Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
search-icon-img
Advertisement

Haryana Petrol Price: हरियाणा में पेट्रोल-डीजल ने बढ़ाई टेंशन, सिरसा-फतेहाबाद में 100 रुपये के करीब पहुंचे दाम

डीजल महंगा होने से खेती, ट्रांसपोर्ट और बाजार पर असर की आशंका

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
Advertisement

Haryana Petrol Price: पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों ने हरियाणा में आम आदमी की चिंता और बढ़ा दी है। केंद्र सरकार द्वारा फ्यूल टैक्स बढ़ाने के बाद प्रदेशभर में नए रेट लागू हो गए हैं। सबसे ज्यादा असर सिरसा और फतेहाबाद जैसे जिलों में दिखाई दे रहा है, जहां पेट्रोल के दाम अब 100 रुपए प्रति लीटर की दहलीज तक पहुंच चुके हैं।

दिलचस्प बात यह है कि हरियाणा के अलग-अलग जिलों में पेट्रोल-डीजल के रेट में अंतर भी देखने को मिल रहा है। विशेषज्ञ इसकी बड़ी वजह ट्रांसपोर्टेशन कॉस्ट, स्थानीय डीलर मार्जिन और सप्लाई नेटवर्क को मान रहे हैं। यही कारण है कि कुछ जिलों में तेल अपेक्षाकृत महंगा बिक रहा है। माना जा रहा है कि अगले कुछ दिनों में रेट और भी बढ़ेंगे।

Advertisement

सिरसा में पेट्रोल अब 96.73 रुपए से बढ़कर 99.73 रुपए प्रति लीटर पहुंच गया है, जो प्रदेश में सबसे अधिक रेट में शामिल है। वहीं फतेहाबाद में पेट्रोल 96.40 रुपए से बढ़कर 99.40 रुपए प्रति लीटर हो चुका है। पंचकूला में यह 96.31 से बढ़कर 99.31 रुपए और हिसार में 96.43 से बढ़कर 99.02 रुपए प्रति लीटर पहुंच गया है।

Advertisement

यह भी पढ़ें: Fuel Price Hike: पेट्रोल-डीजल महंगा होते ही बढ़ेगी महंगाई? जानिए आपकी रोजमर्रा की जिंदगी पर असर

दूसरी ओर पानीपत में पेट्रोल 94.88 रुपए से बढ़कर 97.88 रुपए प्रति लीटर हो गया है। गुरुग्राम में अब लोगों को 98.29 रुपए प्रति लीटर चुकाने पड़ रहे हैं, जबकि करनाल में रेट 98.08 रुपए और कैथल में 98.45 रुपए प्रति लीटर तक पहुंच गए हैं। डीजल के दामों में भी बड़ा उछाल आया है। सिरसा में डीजल अब 89.14 रुपए से बढ़कर 92.14 रुपए प्रति लीटर हो गया है। पंचकूला में यह 91.73 रुपए और हिसार में 91.63 रुपए प्रति लीटर पहुंच चुका है। फतेहाबाद में डीजल 88.01 रुपए से बढ़कर 91.01 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है।

यह भी पढ़ें: Fuel Price Hike : पेट्रोल-डीजल 3 रुपए महंगा: चंडीगढ़ में पेट्रोल 97.24 तो डीजल 85.40 रुपए प्रति लीटर पहुंचा

हर दिन करोड़ों रुपए का अतिरिक्त बोझ

हरियाणा में प्रतिदिन करीब 48 लाख लीटर पेट्रोल और 1.20 करोड़ लीटर डीजल की खपत होती है। ऐसे में करीब 3 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी ने लोगों की जेब पर सीधा असर डाला है। अनुमान के मुताबिक पेट्रोल पर हर दिन करीब 1.44 करोड़ रुपए अतिरिक्त खर्च होंगे, जबकि डीजल पर जनता को प्रतिदिन लगभग 3.6 करोड़ रुपए ज्यादा चुकाने पड़ेंगे। इसके अलावा सीएनजी की कीमतों में भी 2 रुपए प्रति किलो तक बढ़ोतरी की गई है।

ईरान-अमेरिका वार का असर

पेट्रोलियम कारोबारियों के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई तेजी के चलते यह बढ़ोतरी हुई है। ईरान-अमेरिका तनाव बढ़ने के बाद क्रूड ऑयल की कीमतें 70 डॉलर प्रति बैरल से बढ़कर 100 डॉलर के पार पहुंच चुकी हैं। हरियाणा पेट्रोल डीजल एसोसिएशन के पूर्व प्रधान शमशेर सिंह गोगी के अनुसार राज्य में पेट्रोल पर 19.11 प्रतिशत और डीजल पर 16.8 प्रतिशत वैट लागू है। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़ोतरी का असर सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंच रहा है।

खेती, ट्रांसपोर्ट और बाजार पर असर

डीजल महंगा होने से सबसे ज्यादा असर किसानों और ट्रांसपोर्ट सेक्टर पर पड़ने की आशंका है। ट्रैक्टर, हार्वेस्टर, ट्यूबवेल और डीजल पंप पर निर्भर किसानों की लागत बढ़ेगी। वहीं ट्रकों और मालवाहक वाहनों का खर्च बढ़ने से रोजमर्रा की वस्तुएं भी महंगी हो सकती हैं। गुरुग्राम, पानीपत, फरीदाबाद और यमुनानगर जैसे औद्योगिक जिलों में उत्पादन लागत बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। इसका असर बाजार में सामानों की कीमतों पर भी दिखाई दे सकता है।

Advertisement
×