Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
Add Tribune As Your Trusted Source
search-icon-img
Advertisement

Haryana Drug Smuggling: जींद में नशे के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार, दो युवकों से 5 किलो 700 ग्राम हेरोइन बरामद

Haryana Drug Smuggling: पुलिस खंगालेगी पूरे नेटवर्क की कड़ियां

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
featured-img featured-img
नशे के सामान की बरामदगी की जानकारी देते एसपी कुलदीप सिंह। फोटो हमारे प्रतिनिधि
Advertisement

Haryana Drug Smuggling:  जींद जिले में नशे के नेटवर्क पर पुलिस ने बड़ा प्रहार करते हुए 5 किलो 700 ग्राम हेरोइन यानी चिट्टा बरामद किया है। बरामद नशे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 11 करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस ने इस मामले में दो युवकों लवप्रीत और बलजीत को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी उझाना के पास पैदल जा रहे थे। इतनी बड़ी मात्रा में चिट्टा बरामद होने के बाद पुलिस के सामने अब इस नशे की खेप के असली सरगना और सप्लाई नेटवर्क तक पहुंचने की चुनौती है।

एसपी कुलदीप सिंह के अनुसार दोनों आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। इसी दौरान उझाना क्षेत्र में दोनों को काबू किया गया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 5 किलो 700 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों में से एक 12वीं कक्षा तक पढ़ा है, जबकि दूसरा आठवीं पास है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में नशा उन्हें कहां से मिला और इसे आगे कहां पहुंचाया जाना था।

Advertisement

8 से 10 दिन के रिमांड पर लेगी पुलिस

एसपी कुलदीप सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए 8 से 10 दिन का पुलिस रिमांड मांगा जाएगा। रिमांड के दौरान आरोपियों से नशे की सप्लाई के स्रोत, मुख्य सरगना, डिलीवरी लेने वाले लोगों और नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों के बारे में गहन पूछताछ की जाएगी। पुलिस यह भी खंगालेगी कि नशे की यह खेप किस रास्ते से जींद तक पहुंची और इसके पीछे कौन-कौन लोग सक्रिय हैं।

Advertisement

करोड़ों की संपत्ति पहले ही हो चुकी अटैच

एसपी ने कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई केवल गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है। पुलिस इससे पहले भी नशा तस्करी से जुड़े आरोपियों की करोड़ों रुपये की संपत्ति अटैच कर चुकी है। नशे के कारोबार से अर्जित संपत्ति और तस्करों के आर्थिक नेटवर्क पर भी लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

जींद में अब तक की नशे की बड़ी खेपों में शामिल है ये खेप

5 किलो 700 ग्राम चिट्टे की बरामदगी को जींद पुलिस की अब तक की बड़ी कार्रवाइयों में माना जा रहा है। इतनी बड़ी खेप के पकड़े जाने से यह भी साफ है कि पुलिस की नजर अब केवल छोटे स्तर के नशा तस्करों पर नहीं, बल्कि उन लोगों तक पहुंचने पर है जो इस पूरे नेटवर्क को संचालित कर रहे हैं। पुलिस की पूछताछ में यदि नेटवर्क की कड़ियां खुलती हैं तो आने वाले दिनों में इस मामले में और गिरफ्तारियां तथा बड़ी कार्रवाई होने की संभावना है।

Advertisement
×