वोटर लिस्ट पर हरियाणा कांग्रेस की ‘वार रूम’ तैयारी, हर बूथ पर निगरानी, SIR को लेकर सख्त रणनीति
Haryana SIR: राव नरेंद्र व हुड्डा की मौजूदगी में चंडीगढ़ में पहली बैठक, चुनावी पारदर्शिता पर फोकस
Haryana SIR: हरियाणा में आगामी चुनावी माहौल के बीच वोटर लिस्ट को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। शुक्रवार को चंडीगढ़ स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में हरियाणा कांग्रेस की राज्य स्तरीय कार्रवाई एवं निगरानी समिति की पहली बैठक हुई। बैठक में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुननिरीक्षण (एसआईआर) को लेकर व्यापक रणनीति तैयार की गई। बैठक में प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, पूर्व सीएम व नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, रोहतक विधायक बीबी बतरा और अधिवक्ता रणधीर सिंह राणा मौजूद रहे।
कमेटी के सदस्य व पूर्व मुख्य ससंदीय सचिव रामकिशन गुर्जर पहले ही कांग्रेस से इस्तीफा दे चुके हैं। बैठक में इस बात को लेकर रणनीति तय की गई कि एसआईआर के दौरान न तो किसी पात्र मतदाता का नाम कटे और न ही कोई अपात्र व्यक्ति सूची में जुड़ने पाए। इसके लिए कांग्रेस ने बूथ स्तर तक मजबूत निगरानी तंत्र खड़ा करने का फैसला लिया है। राव नरेंद्र ने स्पष्ट किया कि इस बार वोटर लिस्ट को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
हर विधानसभा में ‘ग्राउंड फोर्स’ तैयार
कांग्रेस ने एसआईआर को लेकर अपनी तैयारी को जमीनी स्तर तक उतारने का प्लान बनाया है। हर विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ताओं को ट्रेनिंग दी जाएगी, ताकि वे वोटर लिस्ट की प्रक्रिया को समझें और मौके पर ही गड़बड़ियों को पकड़ सकें। राव नरेंद्र व हुड्डा का मानना है कि मजबूत ग्राउंड नेटवर्क ही निष्पक्ष चुनाव की सबसे बड़ी गारंटी है।
बीएलए नेटवर्क पर भरोसा, हर बूथ पर नजर
प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने बताया कि लगभग सभी बूथों पर बीएलए-। की नियुक्ति पूरी हो चुकी है, जबकि बीएलए-।। भी तेजी से तैनात किए जा रहे हैं। ये एजेंट मतदाता सूची के सत्यापन, नए वोटर्स के पंजीकरण और गड़बड़ियों की रिपोर्टिंग में अहम भूमिका निभाएंगे। कांग्रेस इसे अपना ‘फर्स्ट लाइन डिफेंस’ मान रही है।
भाजपा पर निशाना, चुनाव आयोग पर भी सवाल
बैठक में सियासी तंज भी देखने को मिला। राव नरेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि देश के कुछ राज्यों में चुनाव आयोग पर सत्तारूढ़ दल भारतीय जनता पार्टी के प्रभाव में काम करने के आरोप लगे हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा में ऐसे किसी भी प्रयास को सफल नहीं होने दिया जाएगा। कांग्रेस नेताओं ने साफ किया कि पार्टी का मकसद सिर्फ चुनाव जीतना नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करना है। वोटर लिस्ट की शुचिता बनाए रखने के लिए पार्टी पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ मैदान में उतर चुकी है।

