हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी का शुक्रवार को मोहाली के एक निजी अस्पताल में हृदय का ऑपरेशन हुआ और उनकी हालत स्थिर है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि 1990 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी को वीरवात देर शाम सीने में तकलीफ महसूस हुई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल की ओर से जारी बयान के अनुसार, हरियाणा के मुख्य सचिव (आईएएस) अनुराग रस्तोगी को 9 जनवरी को मोहाली स्थित फोर्टिस अस्पताल में हृदय की बाइपास सर्जरी के लिए भर्ती कराया गया था। ऑपरेशन बिना किसी जटिलता के पूरा हुआ। अनुराग रस्तोगी की हालत स्थिर है। वह सीटीवीएस (कार्डियो थोरैसिक एवं वैस्कुलर सर्जरी) गहन चिकित्सा इकाई में है और उनके स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है।
जून 2025 में केंद्र ने राज्य सरकार की सिफारिश पर रस्तोगी को एक साल का सेवा विस्तार दिया था। उन्हें पिछले वर्ष 30 जून को सेवानिवृत्त होना था। हरियाणा सरकार ने रस्तोगी को पिछले वर्ष फरवरी में राज्य का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया था।

