Haryana: वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 20 लाख की डिमांड, सिरसा में ब्लैकमेलिंग गिरोह का पर्दाफाश
Haryana News: वीडियो वायरल करने की धमकी देकर जबरन वसूली करने वाले गिरोह का सिरसा पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिन्होंने एक व्यक्ति को ब्लैकमेल कर 16 लाख 61...
Haryana News: वीडियो वायरल करने की धमकी देकर जबरन वसूली करने वाले गिरोह का सिरसा पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिन्होंने एक व्यक्ति को ब्लैकमेल कर 16 लाख 61 हजार रुपये की जबरन वसूली की थी। गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश कर तीन दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
शहर थाना प्रभारी सब-इंस्पेक्टर संदीप कुमार ने बताया कि 9 नवंबर 2025 को महावीर कॉलोनी, सिरसा निवासी शिवकुमार ने पुलिस में शिकायत दी थी। शिकायत के अनुसार, उसके मोबाइल पर पूजा नाम की महिला का फोन आया, जिसने उसे परिचित राजेश कुमार से मिलने के बहाने सुर्खाब चौक बुलाया। इसके बाद महिला उसे ऑटो मार्केट ले गई और वहां से एक अनजान मकान में पहुंचाया, जहां पहले से एक अन्य महिला मौजूद थी।
अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेलिंग
पीड़ित के अनुसार, दोनों महिलाओं ने उसे कमरे में बिठाकर कपड़े उतरवा दिए और दरवाजा बंद कर लिया। इसी दौरान एक युवक वहां आया और उसकी अश्लील वीडियो बनाने लगा। कुछ ही देर में दो अन्य युवक भी पहुंचे, जिन्होंने मारपीट और अभद्र व्यवहार किया और उसका मोबाइल फोन छीन लिया। आरोपियों ने वीडियो परिवार को भेजने की धमकी देकर 20 लाख रुपये की मांग की।
अपहरण कर की गई जबरन वसूली
पुलिस के मुताबिक, 10 नवंबर 2025 को पीड़ित का फ्लाईओवर के नीचे से अपहरण कर लिया गया। आरोपियों ने उसका एटीएम कार्ड छीनकर पैसे निकलवाए, साथ ही प्लॉट के कागजात जबरन लेकर उन्हें सरकारी रेट पर बिकवाया। इस तरह कुल 16 लाख 61 हजार रुपये की जबरन वसूली की गई।
तीन आरोपी गिरफ्तार, रिमांड पर
पीड़ित की शिकायत पर थाना शहर सिरसा में ब्लैकमेलिंग और जबरन वसूली की धाराओं में केस दर्ज किया गया। जांच के दौरान कीर्ति नगर पुलिस चौकी की टीम ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए राजेश कुमार निवासी गांव डाटा, जिला हांसी, दलबीर सिंह निवासी गांव बाजेकां, जिला सिरसा तथा एक महिला आरोपी को सिरसा जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया। तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर तीन दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। रिमांड के दौरान उनसे पूछताछ कर गिरोह में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जाएगी।
थाना प्रभारी संदीप कुमार ने कहा कि मामले में जो भी व्यक्ति संलिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ब्लैकमेलिंग और अवैध गतिविधियों के खिलाफ विशेष अभियान के तहत कार्रवाई कर रही है।

