Har Ghar Jal : राजस्थान ने रचा इतिहास, ‘जल जीवन मिशन 2.0’ पर एमओयू करने वाला बना पहला राज्य
'जल जीवन मिशन 2.0' के तहत एमओयू करने वाला देश का पहला राज्य बना राजस्थान
Har Ghar Jal : राजस्थान ने 'हर घर जल' के लक्ष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए 'जल जीवन मिशन 2.0' के तहत नए दिशा-निर्देश के अनुसार केंद्र सरकार के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) करने वाला देश का पहला राज्य बन गया है।
इस एमओयू पर मंगलवार को नयी दिल्ली में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री कन्हैया लाल की उपस्थिति में हस्ताक्षर किए गए। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश की जनता के हितों को ध्यान में रखते हुए इस योजना के लिए केंद्र से अनुमति का अनुरोध किया था, जिसके बाद एमओयू पर हस्ताक्षर संभव हो सका।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हर घर तक शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है और इस पहल से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में भी स्वच्छ जल की उपलब्धता सुनिश्चित होगी। इस अवसर पर केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री वी. सोमन्ना, जलदाय विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अखिल अरोड़ा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

