Haldia Refinery Fire : हल्दिया रिफाइनरी की नैफ्था पाइपलाइन में भीषण आग, 20 से अधिक लोग झुलसे
कई मकान आग की चपेट में आए, रेलवे की ओवरहेड लाइन क्षतिग्रस्त; 12 दमकल गाड़ियां आग बुझाने में जुटीं
Haldia Refinery Fire : पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले में स्थित हल्दिया रिफाइनरी की नैफ्था पाइपलाइन में मंगलवार तड़के भीषण आग लगने से 20 से अधिक लोग झुलस गए। आग तेजी से फैलकर आसपास के रिहायशी इलाके तक पहुंच गई, जिससे कई मकान इसकी चपेट में आ गए। हादसे में रेल सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं।
हल्दिया, 30 जून (भाषा)। अधिकारियों के अनुसार आग मंगलवार तड़के करीब 2:45 बजे दिखाई दी। देखते ही देखते आग हल्दिया नगर पालिका के वार्ड-13 स्थित चिरंजीबपुर इलाके तक फैल गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 12 गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। समाचार लिखे जाने तक आग पर काबू पाने का अभियान जारी था।
घायलों को तत्काल हल्दिया उपमंडल अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से पांच लोगों को बेहतर इलाज के लिए तमलुक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया, जहां दो की हालत गंभीर बताई गई है।
इलाके को किया गया सुरक्षित
पुलिस ने पूरे इलाके को सुरक्षित कर दिया है। अधिकारियों के अनुसार आग लगने के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका है। विस्तृत जांच के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
आग से घटनास्थल के पास रेलवे की ओवरहेड विद्युत लाइन (ओएचई) भी क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे रेल सेवाएं प्रभावित रहीं। रेलवे और दमकल विभाग के अधिकारी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

