Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
search-icon-img
Advertisement

Gurmeet Ram Rahim Parole : 30 दिन की पैरोल मंजूर, 16वीं बार सुनारिया जेल से बाहर आया डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम

सुबह 6:34 बजे बिना किसी कड़ी सुरक्षा के जेल से निकला, बार-बार पैरोल मिलने पर उठते रहे हैं सवाल

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
Advertisement

Gurmeet Ram Rahim Parole :  डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को प्रशासन ने एक बार फिर 30 दिन की पैरोल दे दी है। अर्जी मंजूर होने के बाद वह रोहतक की सुनारिया जेल से 16वीं बार बाहर आ गया है। मंगलवार सुबह उसे जेल से रिहा किया गया। इस दौरान जेल के बाहर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था नजर नहीं आई। गौरतलब है कि राम रहीम साध्वियों के यौन शोषण और पत्रकार रामचंद्र छत्रपति हत्याकांड जैसे गंभीर मामलों में अपनी सजा काट रहा है।

सुबह 6:34 बजे गुपचुप तरीके से रिहाई

रोहतक की सुनारिया जेल में सजा काट रहा डेरा चीफ राम रहीम मंगलवार सुबह ठीक 6 बजकर 34 मिनट पर जेल परिसर से बाहर निकला। अमूमन उसकी रिहाई के समय सुरक्षा का कड़ा पहरा रहता है, लेकिन इस बार वह बिल्कुल गुपचुप तरीके से बाहर आया। मौके पर पुलिस की कोई भारी सुरक्षा व्यवस्था नहीं थी और वह बिना किसी तामझाम के अपनी मंजिल के लिए रवाना हो गया।

Advertisement

पैरोल को लेकर लगातार उठ रहे सवाल

राम रहीम का जेल से बाहर आना अब कोई नई बात नहीं रह गई है। यह 16वां मौका है जब वह पैरोल, फरलो या स्वास्थ्य कारणों के जरिए सलाखों से बाहर आया है। इससे पहले भी वह 15 बार इसी तरह राहत पा चुका है। एक सजायाफ्ता कैदी को बार-बार मिलने वाली इस पैरोल को लेकर कई बार सवाल उठते रहे हैं।

Advertisement

2017 से सुनारिया जेल में है बंद

विदित हो कि डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह को अगस्त 2017 में पंचकूला की सीबीआई अदालत द्वारा दोषी ठहराए जाने के बाद रोहतक की सुनारिया जेल लाया गया था। वह अपने डेरे की दो पूर्व साध्वियों के साथ यौन शोषण करने और सिरसा के एक पत्रकार रामचंद्र छत्रपति की हत्या के मामले में दोषी करार दिया जा चुका है। इन्हीं संगीन मामलों में वह जेल में अपनी लंबी सजा काट रहा है।

 राम रहीम कब-कब आया जेल से बाहर (कुल 16 बार)

राम रहीम अब तक 16 बार पैरोल, फरलो और स्वास्थ्य कारणों से जेल से बाहर आ चुका है। इसका पूरा विवरण इस प्रकार है:

अक्टूबर 2020: अस्पताल में भर्ती मां से मिलने के लिए एक दिन की पैरोल।

मई 2021: बीमार मां से मिलने के लिए एक दिन की पैरोल (सुबह से शाम तक)।

मई 2021: स्वास्थ्य जांच के लिए रोहतक पीजीआईएमएस लाया गया।

जून 2021: स्वास्थ्य कारणों से गुरुग्राम के अस्पताल में भर्ती।

अगस्त 2021: स्वास्थ्य जांच के लिए दिल्ली एम्स ले जाया गया।

फरवरी 2022: 21 दिन की फरलो।

जून 2022: 30 दिन की पैरोल।

अक्टूबर 2022: 40 दिन की पैरोल।

जनवरी 2023: 40 दिन की पैरोल।

जुलाई 2023: 30 दिन की पैरोल।

नवंबर 2023: 21 दिन की फरलो।

जनवरी 2024: 50 दिन की पैरोल।

अगस्त 2024: 21 दिन की फरलो।

दिसंबर 2024: 30 दिन की पैरोल।

जनवरी 2026: 40 दिन की पैरोल (15 फरवरी को वापस सुनारिया जेल पहुंचा था)।

मई 2026 (वर्तमान): 30 दिन की पैरोल (मंगलवार को जेल से बाहर आया)।

Advertisement
×