Ground Collision : दिल्ली एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट और अकासा एयर के विमानों की टक्कर, सभी यात्री सुरक्षित; DGCA करेगा जांच
लेह से आ रहे स्पाइसजेट विमान ने खड़ी अकासा फ्लाइट को मारी टक्कर
दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर गुरुवार दोपहर को सुरक्षा में एक बड़ी चूक का मामला सामने आया है। यहां लेह से आ रहा स्पाइसजेट का एक विमान पार्किंग की तरफ जाते समय अकासा एयर के एक खड़े विमान से टकरा गया। हादसे में दोनों विमानों को नुकसान पहुंचा है, लेकिन किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। नागर विमानन महानिदेशालय ने घटना को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
यह घटना दोपहर करीब 2:15 बजे की है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, लेह से आ रहे स्पाइसजेट के बोइंग 737-700 विमान का दाहिना विंगलेट अकासा एयर के विमान के बाएं हिस्से से टकरा गया। अकासा एयर का यह विमान दिल्ली से हैदराबाद जाने के लिए उड़ान भरने की तैयारी में था और पुशबैक प्रक्रिया के दौरान अपनी जगह पर खड़ा था।
सुरक्षित निकाले गए यात्री
हादसे के तुरंत बाद अकासा एयर की फ्लाइट में सवार सभी यात्रियों और चालक दल को सुरक्षित उतार लिया गया। एयरलाइन ने यात्रियों को हैदराबाद भेजने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की है। स्पाइसजेट ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि उनके विमान के विंगलेट को नुकसान पहुंचा है और उसे विस्तृत निरीक्षण के लिए ग्राउंडेड कर दिया गया है। अकासा एयर ने भी स्पष्ट किया कि उनका विमान रुका हुआ था और घटना के बाद उसे वापस बे में लाना पड़ा। एयरलाइन ने कहा कि सुरक्षा के सभी नियमों का पालन किया गया है।
नियामक करेगा गहन जांच
व्यस्त हवाईअड्डों पर ग्राउंड हैंडलिंग और विमानन सुरक्षा को लेकर यह घटना गहरी चिंता पैदा करती है। सूत्रों के अनुसार, दोनों एयरलाइंस ने नागर विमानन महानिदेशालय को हादसे की आधिकारिक जानकारी दे दी है। विमानन नियामक अब एयरपोर्ट पर मानक संचालन प्रक्रियाओं, ग्राउंड मूवमेंट के दौरान तालमेल और एयरसाइड सुरक्षा नियमों के पालन की विस्तृत जांच करेगा।
