Gold Price Crash: MCX पर सोना 1.36 लाख पर, 9% की भारी गिरावट के साथ चांदी भी निचले सर्किट में
Gold-Silver Price Today: वैश्विक स्तर पर बिकवाली, बढ़ती मुद्रास्फीति की आशंकाओं और मजबूत अमेरिकी डॉलर के बीच कीमतों में भारी गिरावट आई
Gold-Silver Price Today: वायदा कारोबार में सोमवार को सोने-चांदी व अन्य धातुओं की कीमतों में बड़ी गिरावट आई। सोने की कीमतें सोमवार को 8,089 रुपये टूटकर 1.36 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम रह गईं। वहीं, वायदा कारोबार में निचली सर्किट सीमा में चांदी, नौ प्रतिशत की गिरावट के साथ 2.06 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई।
वैश्विक स्तर पर बिकवाली, बढ़ती मुद्रास्फीति की आशंकाओं और मजबूत अमेरिकी डॉलर के बीच वायदा कारोबार में सोने की कीमतों में भारी गिरावट आई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर अप्रैल में आपूर्ति वाले सोने के अनुबंधों का भाव 8,089 रुपये या 5.6 प्रतिशत घटकर 1,36,403 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया।
सोना पिछले सप्ताह 13,974 रुपये यानी 8.82 प्रतिशत टूटकर करीब 1.44 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। विश्लेषकों का कहना है कि कीमती धातु की शुरुआत तेज गिरावट के साथ हुई और लगातार चौथे सप्ताह भी इसमें गिरावट जारी रहने के आसार हैं।
चॉइस ब्रोकिंग के जिंस एवं मुद्रा विश्लेषक आमिर मकदा ने कहा कि सोमवार को सोने की शुरुआत भी गिरावट के साथ हुई। पश्चिम एशिया में तनाव के कारण मुद्रास्फीति की आशंकाओं और निकट भविष्य में ब्याज दरों में वृद्धि की अटकलों के बीच लगातार चौथे सप्ताह भी इसमें गिरावट जारी रहने के आसार हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में, कॉमेक्स पर अप्रैल में आपूर्ति वाले अनुबंधों के लिए सोने का वायदा भाव 202.4 डॉलर या 4.42 प्रतिशत घटकर 4,372.5 डॉलर प्रति औंस रह गया।
वायदा कारोबार में चांदी की कीमत सोमवार को 20,409 रुपये की भारी गिरावट के साथ 2.06 लाख रुपये प्रति किलोग्राम हो गई। कमजोर वैश्विक रुझानों और लगातार बिकवाली के कारण कीमतों में यह गिरावट आई।
मल्टी कमोडिटी एक्स्चेंज (एमसीएक्स) में चांदी के मई महीने में आपूर्ति वाले अनुबंध की कीमत 20,409 रुपये यानी नौ प्रतिशत की गिरावट के साथ 2,06,363 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई। विश्लेषकों का कहना है कि व्यापक आर्थिक कारकों के भारी दबाव से चांदी की कीमतों में भारी गिरावट आई है।
जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के जिंस अनुसंधान के प्रमुख हरीश वी. ने कहा कि पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बावजूद, आर्थिक दबावों से सोमवार को चांदी की कीमतों में भारी गिरावट आई है। वैश्विक स्तर पर न्यूयॉर्क में चांदी के मई में आपूर्ति वाले अनुबंध की कीमत 9.34 प्रतिशत टूटकर 63.15 डॉलर प्रति औंस रह गयी।
कमजोर मांग से एल्युमीनियम की वायदा कीमतों में गिरावट
वैश्विक बाजारों में कमजोरी के रुख के बीच कारोबारियों के अपने सौदों की कटान करने से वायदा कारोबार में एल्युमीनियम की कीमत सोमवार को 0.85 प्रतिशत की गिरावट के साथ 327.80 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) में अप्रैल माह में आपूर्ति वाले एल्युमीनियम के अनुबंध का भाव 2.80 रुपये यानी 0.85 प्रतिशत की गिरावट के साथ 327.80 रुपये प्रति किलोग्राम रह गया। इसमें 264 लॉट के लिए कारोबार हुआ। विश्लेषकों का कहना है कि उपभोक्ता उद्योगों से मांग में कमी आने के कारण प्रतिभागियों द्वारा अपनी हिस्सेदारी कम करने से एल्युमीनियम की कीमतों में गिरावट आई।

