Gold-Silver Price Crash: केंद्रीय बजट 2026 से पहले सोने-चांदी की चमक पड़ी फीकी, वायदा भाव 9% तक टूटा
Gold-Silver Price Crash: सोना 9 प्रतिशत गिरकर 1,38,634 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आया
Gold-Silver Price Crash: केंद्रीय बजट 2026-27 के पेश होने से ठीक पहले रविवार को वायदा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में भारी गिरावट देखने को मिली। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर दोनों कीमती धातुओं के वायदा भाव लगभग नौ प्रतिशत टूटकर अपने निचले सर्किट स्तर पर पहुंच गए।
हाल के दिनों में रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचने के बाद निवेशकों द्वारा मुनाफावसूली किए जाने से कीमतों पर दबाव बना रहा। यह गिरावट लगातार दूसरे सत्र में दर्ज की गई। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज संसद में वित्त वर्ष 2026-27 का केंद्रीय बजट पेश करेंगी, जिसके चलते बाजार में सतर्कता का माहौल है।
MCX पर सोने का हाल
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर अप्रैल डिलीवरी वाले सोने के वायदा अनुबंध का भाव 13,711 रुपये यानी करीब 9 प्रतिशत गिरकर 1,38,634 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। इसके साथ ही सोने ने वायदा कारोबार में निचला सर्किट स्तर छू लिया।
चांदी में भी तेज गिरावट
चांदी के वायदा भाव में भी जबरदस्त बिकवाली देखने को मिली। मार्च डिलीवरी वाले चांदी के अनुबंध की कीमत 26,273 रुपये यानी लगभग 9 प्रतिशत गिरकर 2,65,652 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई, जो इसका निचला सर्किट स्तर है।
वैश्विक बाजार बंद
वैश्विक वायदा बाजार अवकाश के कारण रविवार को बंद रहे, जबकि घरेलू बाजार में बजट से पहले निवेशकों ने सतर्क रुख अपनाया। विशेषज्ञों का मानना है कि बजट से जुड़ी घोषणाओं और वैश्विक संकेतों के आधार पर आने वाले सत्रों में कीमती धातुओं में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।

