Gaza Peace Plan : डोनाल्ड ट्रंप ने गाजा के लिए गठित ‘बोर्ड ऑफ पीस’ में भारत को शामिल होने का दिया आमंत्रण
Gaza Peace Plan : अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत को गाजा के लिए प्रस्तावित ‘बोर्ड ऑफ पीस’ का हिस्सा बनने का आमंत्रण दिया है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, यह नया अंतरराष्ट्रीय मंच गाजा और उसके आसपास शांति, स्थिरता...
Gaza Peace Plan : अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत को गाजा के लिए प्रस्तावित ‘बोर्ड ऑफ पीस’ का हिस्सा बनने का आमंत्रण दिया है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, यह नया अंतरराष्ट्रीय मंच गाजा और उसके आसपास शांति, स्थिरता और पुनर्विकास को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से गठित किया जा रहा है।
वाशिंगटन की ओर से ‘बोर्ड ऑफ पीस’ को ऐसे अंतरराष्ट्रीय निकाय के रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है, जो न केवल गाजा में शांति स्थापना में भूमिका निभाएगा, बल्कि भविष्य में अन्य वैश्विक संघर्षों पर भी प्रतिक्रिया दे सकता है। प्रारंभिक तौर पर इस बोर्ड को गाजा के प्रशासन की निगरानी और पुनर्विकास के लिए वित्तीय संसाधनों के समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी जानी थी। गाजा बीते दो वर्षों के इजरायली सैन्य अभियानों में बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
यह बोर्ड गाजा पट्टी में इजरायल और हमास के बीच हुए संघर्षविराम समझौते के दूसरे चरण के तहत सामने आया है। पिछले वर्ष अक्टूबर में दोनों पक्ष ट्रंप की शांति योजना पर सहमत हुए थे। व्हाइट हाउस के अनुसार, यह बोर्ड ट्रंप की 20 सूत्रीय योजना को लागू करने में अहम भूमिका निभाएगा, जिसमें रणनीतिक निगरानी, अंतरराष्ट्रीय संसाधनों की जुटान और जवाबदेही सुनिश्चित करना शामिल है।
इस 20 सूत्रीय योजना का लक्ष्य गाजा को आतंकवाद से मुक्त, कट्टरपंथ-विरोधी क्षेत्र बनाना और वहां के लोगों के हित में पुनर्विकास करना है।
व्हाइट हाउस ने हाल ही में इस पहल को आगे बढ़ाने के लिए एक संस्थापक कार्यकारी बोर्ड के गठन की भी घोषणा की है।
कार्यकारी समिति के सदस्यों में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो, ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री टोनी ब्लेयर, पश्चिम एशिया के लिए अमेरिकी विशेष दूत स्टीव विटकॉफ, ट्रंप के दामाद कारोबारी जैरेड कुशनर और विश्व बैंक के अध्यक्ष अजय बंगा शामिल हैं।

