Gangster Encounter : पंजाब के तरनतारन में पुलिस मुठभेड़, AAP सरपंच हत्याकांड का मास्टरमाइंड ढेर
Gangster Encounter : आम आदमी पार्टी से जुड़े एक सरपंच की हत्या की साजिश रचने के आरोपी कुख्यात गैंगस्टर को पंजाब के तरनतारन जिले में पुलिस मुठभेड़ में मार गिराया गया। यह मुठभेड़ भिखीविंड के पास उस समय हुई, जब...
Gangster Encounter : आम आदमी पार्टी से जुड़े एक सरपंच की हत्या की साजिश रचने के आरोपी कुख्यात गैंगस्टर को पंजाब के तरनतारन जिले में पुलिस मुठभेड़ में मार गिराया गया। यह मुठभेड़ भिखीविंड के पास उस समय हुई, जब पुलिस ने खुफिया सूचना के आधार पर संयुक्त अभियान चलाया।
मारे गए आरोपी की पहचान हरनूर सिंह के रूप में हुई है, जो अमृतसर जिले के कथुनंगल का रहने वाला था। पुलिस के अनुसार, हरनूर सिंह पर वाल्टोहा संधुआ गांव के सरपंच जरमल सिंह की हत्या की योजना बनाने का आरोप था। दो दिन पहले अमृतसर में एक विवाह समारोह के दौरान दो हमलावरों ने जरमल सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
यह कार्रवाई एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स और सीआईए स्टाफ तरनतारन की संयुक्त टीम ने की। मुठभेड़ भिखीविंड के बाहरी इलाके में गुरुद्वारा भाई तारू सिंह जी के पास हुई।
पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल
फिरोजपुर रेंज के डीआईजी स्नेहदीप शर्मा ने बताया कि पुलिस टीम ने सुरसिंह से पुहला गांव की ओर जा रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका। रुकने का इशारा करने पर आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई के दौरान पुलिसकर्मी परमवीर सिंह को गोली लगी, हालांकि बुलेटप्रूफ जैकेट होने के कारण उनकी जान बच गई।
पुलिस की जवाबी फायरिंग में हरनूर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे नजदीकी सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कई कुख्यात गैंगस्टरों से संबंध
डीआईजी ने बताया कि हरनूर सिंह के संबंध कुख्यात गैंगस्टरों अफरीदी, प्रभ दासूवाल और डॉनी बॉल से थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सरपंच की हत्या से पहले हरनूर सिंह ने रेकी की थी।
मुठभेड़ स्थल पर तरनतारन के एसएसपी सुरिंदर लांबा भी पहुंचे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हरनूर सिंह अन्य किन आपराधिक मामलों में शामिल रहा है और उसके सहयोगी कौन-कौन हैं।

