Fuel Crisis: फतेहाबाद में पेट्रोल, डीजल की दिक्कत से पंपों पर लगी लंबी कतारें , पुलिस बल तैनात
Fuel Crisis: कुछ पंपों पर सप्लाई सामान्य है, लेकिन इसके बावजूद लिमिट में ही पेट्रोल डीजल दिया जा रहा
Fuel Crisis: फतेहाबाद में गैस की किल्लत के बाद अब पेट्रोल व डीजल की कमी की खबरों ने लोगों को परेशान कर दिया, जिससे पेट्रोल पंपों पर लोग गाड़ियां लेकर तेल भरवाने पहुंचने लगे।
शहर के कुछ पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल व डीजल की सप्लाई न होने से किल्लत बनी हुई है, जबकि कुछ पंपों पर सप्लाई सामान्य है, लेकिन इसके बावजूद लिमिट में ही पेट्रोल डीजल दिया जा रहा है। किल्लत की खबरों से पंपों पर लोगों की भीड़ जमा होना शुरू हो गई है।
फतेहाबाद के बीपीसीएल और एचपीसीएल के व अन्य प्राइवेट कंपनियों के पंपों पर तेल की कमी नजर आ रही है। फतेहाबाद के बस स्टैंड के पास स्थित बीपीसीएल कंपनी के खुशीराम परमानंद पेट्रोल पंप पर दोपहर 1 बजे सप्लाई बंद कर दी गई, जिसकारण लोगों को वापस लौटना पड़ा।
इसके अलावा सिरसा रोड पर स्थित एचपीसीएल के पंप पर डीजल की कमी सामने आई। खुशीराम परमानंद पेट्रोल पंप के संचालक संजीव मोंगा ने बताया कि पिछले दो-तीन दिनों से भारत पेट्रोलियम कंपनी के पंपों को पानीपत रिफायनरी से तेल नहीं मिल रहा।
गौरतलब है कि फतेहाबाद में बीपीसीएल व एचपीसीएल के पंपों को सप्लाई आईओसीएल से मिलती हैं। कोई दिक्कत आने पर आईओसीएल इन को सप्लाई न देकर अपने पंपों पर देता है। जिस कारण फतेहाबाद में स्थित हिंदुस्तान व भारत पेट्रोलियम के पंपों पर सप्लाई न आने से डीज़ल व पेट्रोल खत्म हो गया।
आईओसीएल अपने पेट्रोल पंपों को निर्बाध सप्लाई दे रही है, जिसकारण अन्य पंप चल रहे हैं, लेकिन बीपीसीएल और इसके अलावा एचपीसीएल के पंपों पर किल्लत नजर आ रही है। इंडियन ऑयल के पंपों पर भी तेल लिमिट में दिए जाने की सूचना है।
पेट्रोल, डीज़ल पंपों पर लगी भीड़ को देखते हुए पुलिस तैनात की गई है।
