हरियाणवी म्यूजिक प्रोड्यूसर से विदेश में बैठे गैंगस्टर तक का सफर, जानिए कैसे दीपक नांदल बना अपराध की दुनिया का बड़ा नाम
गुरुग्राम एनकाउंटर के बाद फिर चर्चा में नांदल गैंग; पुलिस के मुताबिक सोशल मीडिया से युवाओं को जोड़कर विदेश से चला रहा रंगदारी और हत्या का नेटवर्क
गुरुग्राम पुलिस द्वारा बृहस्पतिवार रात मुठभेड़ में दीपक नांदल गैंग से जुड़े चार बदमाशों को मार गिराने के बाद एक बार फिर हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री से अपराध की दुनिया में पहुंचे दीपक नांदल का नाम सुर्खियों में है।
कभी हरियाणवी संगीत जगत का जाना-पहचाना चेहरा रहे दीपक नांदल पर अब पुलिस ने हत्या, रंगदारी, अपहरण और फिरौती जैसे गंभीर अपराधों में संलिप्त होने के आरोप लगाए हैं। पुलिस के अनुसार, नांदल विदेश में बैठकर हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर में अपने गैंग का संचालन कर रहा है।
दीपक नांदल ने म्यूजिक इंडस्ट्री में बनाई थी पहचान
दीपक नांदल कभी म्यूजिक प्रोड्यूसर, रैपर और परफॉर्मर के तौर पर काम करता था। वह हरियाणवी गायक राहुल फाजिलपुरिया और रैपर बादशाह के साथ कई म्यूजिक प्रोजेक्ट से जुड़ा रहा। "हरियाणा रोडवेज" और "कर गई चुल्ल" जैसे चर्चित गानों के निर्माण में भी उसकी भूमिका बताई जाती है।
हालांकि, समय के साथ उसका नाम कथित तौर पर अपराध की गतिविधियों से जुड़ने लगा और वह हरियाणा पुलिस की वांछित अपराधियों की सूची में शामिल हो गया।
यह भी पढ़ें: Gurugram Encounter: बंधक बनाने की कोशिश नाकाम, दीपक नांदल गैंग के 4 बदमाश ढेर; 3 पुलिसकर्मी घायल
हथियार तस्करी से शुरू हुआ दीपक नांदल का अपराध का सफर
पुलिस के अनुसार, नांदल ने अपराध की दुनिया में शुरुआत अवैध हथियारों की तस्करी और स्थानीय विवादों से की। इसके बाद वह रोहतक और सोनीपत पुलिस के रिकॉर्ड में वांछित अपराधियों में शामिल हो गया।
पुलिस का कहना है कि अन्य अपराधियों से संपर्क बढ़ाने के बाद उसने रंगदारी और कॉन्ट्रैक्ट किलिंग जैसी वारदातों में कथित रूप से सक्रिय भूमिका निभानी शुरू कर दी। इसके बाद हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की नजर उस पर गई।
2023 में दीपक नांदल के विदेश भागने का दावा
हरियाणा STF के अनुसार, पुलिस का दबाव बढ़ने के बाद दीपक नांदल वर्ष 2023 में विदेश भाग गया। पुलिस का दावा है कि वह विदेश से ही अपने गिरोह को संचालित कर रहा है। उसके संयुक्त अरब अमीरात (UAE), ब्रिटेन (लंदन) और कनाडा जैसे देशों में सक्रिय होने की बात सामने आई है।
पुलिस उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराने और विदेश से वापस लाने की कानूनी प्रक्रिया में जुटी है।
दीपक नांदल पर सोशल मीडिया से गैंग चलाने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, दीपक नांदल सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर सक्रिय रहता है। आरोप है कि वह सोशल मीडिया के जरिए युवाओं से संपर्क करता है और उन्हें अपने गिरोह में शामिल करता है।
पुलिस का कहना है कि गैंग की ओर से रंगदारी की धमकियां व्हाट्सऐप और सिग्नल जैसे ऐप के माध्यम से दी जाती हैं। किसी वारदात के बाद सोशल मीडिया पर उसकी जिम्मेदारी लेने वाली पोस्ट भी सामने आती हैं।
दीपक नांदल ने बिल्डरों, कारोबारियों और कलाकारों को बनाया निशाना
पुलिस के अनुसार, पिछले कुछ वर्षों में दीपक नांदल गैंग ने दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में बिल्डरों, कारोबारियों, फैशन डिजाइनरों और गायकों को निशाना बनाया है।
वर्ष 2025 में हरियाणवी गायक राहुल फाजिलपुरिया पर हुए हमले के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुई थी, जिसमें दीपक नांदल समेत कुछ लोगों के नाम से हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया था। इस पोस्ट में राहुल फाजिलपुरिया पर नांदल से कथित तौर पर 5 करोड़ रुपये लेने और वापस नहीं करने का आरोप लगाया गया था।
इसके अलावा अगस्त 2025 में गुरुग्राम में राहुल फाजिलपुरिया के सहयोगी रोहित शौकीन की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस के अनुसार, इस मामले में भी नांदल गैंग का नाम सामने आया था।
मई 2026 में भी नांदल गैंग के शूटर्स ने कथित तौर पर फाजिलपुरिया के इवेंट आयोजक सौरभ यादव के कान्हई गांव स्थित घर पर फायरिंग की थी।
गुरुग्राम एनकाउंटर के बाद पुलिस अब नांदल गैंग के नेटवर्क, हथियार सप्लाई चैन और विदेश से संचालित गतिविधियों की जांच कर रही है।

