Fridge Explosion Belagavi : कर्नाटक के बेलगावी में दर्दनाक हादसा, फ्रिज में विस्फोट के बाद घर में लगी आग, परिवार के चार लोगों की मौत
दो गंभीर रूप से घायल, गणेश उत्सव के बीच सोमवार देर रात चव्हाटगली इलाके में हुआ हादसा
Fridge Explosion Belagavi : कर्नाटक के बेलगावी शहर के चव्हाटगली इलाके में सोमवार देर रात एक घर में आग लगने से एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में आग लगने की वजह फ्रिज में हुआ विस्फोट बताई जा रही है। आग तेजी से पूरे घर में फैल गई और अंदर मौजूद लोग बाहर नहीं निकल पाए।
पुलिस के मुताबिक, हादसा मार्केट पुलिस थाना क्षेत्र में गणेश उत्सव के दौरान हुआ। आग ने देखते ही देखते पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। मृतकों की पहचान गजानन डामोने (65), रोशन डामोने (21), शारदा डामोने (45) और भारती राडामोने (50) के रूप में हुई है। हादसे में प्रिया डामोने (28) और गंगा डामोने (25) गंभीर रूप से घायल हुई हैं। दोनों को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस और दमकल विभाग ने चलाया बचाव अभियान
बताया गया है कि परिवार के सदस्य दिहाड़ी मजदूर के रूप में काम करते थे। आग की सूचना मिलने के बाद पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। आग लगने के कारणों और हादसे की परिस्थितियों के बारे में अधिक जानकारी जांच पूरी होने के बाद सामने आने की उम्मीद है।

