उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बीसी खंडूरी का निधन
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता भुवन चंद्र खंडूरी का लंबी बीमारी के बाद मंगलवार को निधन हो गया । वह 91 वर्ष के थे। उनके परिवार ने यह जानकारी दी। पूर्व मुख्यमंत्री के परिवार में पत्नी अरुणा,...
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता भुवन चंद्र खंडूरी का लंबी बीमारी के बाद मंगलवार को निधन हो गया । वह 91 वर्ष के थे। उनके परिवार ने यह जानकारी दी। पूर्व मुख्यमंत्री के परिवार में पत्नी अरुणा, एक बेटा मनीष और बेटी रितु खंडूरी भूषण हैं। खंडूरी की बेटी और राज्य विधानसभा की अध्यक्ष रितु खंडूरी भूषण ने अपने पिता के निधन की पुष्टि करते हुए बताया कि वयोवृद्ध नेता ने करीब 11 बजे एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। पूर्व मुख्यमंत्री लंबे समय से उम्र संबंधी समस्याओं से ग्रस्त थे और पिछले दिनों में कई बार अस्पताल में भर्ती हुए। राजनीति में आने से पहले भारतीय सेना से मेजर जनरल के पद से सेवानिवृत्त हुए खंडूरी 'जनरल साहब' के नाम से मशहूर थे और उनकी छवि एक अनुशासन प्रिय प्रशासक की थी । खंडूरी दो बार राज्य के मुख्यमंत्री रहे। दिवंगत प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के मंत्रिमंडल में उन्होंने केंद्रीय सड़क परिवहन और राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्री का पद भी संभाला। देश के चारों हिस्सों को सड़क मार्ग से जोड़ने के लिए बनाई गई स्वर्णिम चतुर्भुज योजना का श्रेय उन्हें दिया जाता है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री सहित कई प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों व गणमान्य लोगों ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया।

