पहले तंत्र-मंत्र से इलाज के नाम पर बढ़ाई नजदीकी, फिर किया दुष्कर्म; गर्भवती महिला ने 3 लोगों के खिलाफ दर्ज करवाई FIR
प्राइवेट वीडियो वायरल करने की धमकी देकर गर्भवती महिला के साथ किया रेप
Crime Against Women : गुजरात के बनासकांठा जिले में एक गर्भवती महिला की शिकायत के बाद गंभीर मामला सामने आया है। करीब 30 वर्षीय महिला ने तीन भाइयों और उनके चाचा पर बार-बार दुष्कर्म, मारपीट, धमकी और निजी वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला ने धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाए जाने का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
'तांत्रिक इलाज' के बहाने बढ़ी नजदीकी
FIR के मुताबिक, महिला करीब पांच महीने की गर्भवती थी। उसका आरोप है कि अख्तर रजबशाह फकीर नाम के व्यक्ति ने उसके परिवार में स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के इलाज के लिए तांत्रिक तरीके अपनाने की बात कही। महिला के अनुसार, इसी बहाने अख्तर उसके संपर्क में आया और धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ने लगी।
महिला ने पुलिस को बताया कि इससे पहले भी उसने अख्तर और उसके कुछ रिश्तेदारों के खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायत की थी। आरोप है कि उस दौरान फरार चल रहे दो आरोपियों ने उसे जान से मारने और उसकी बेटियों को अगवा करने की धमकी दी थी।
समझौते के बाद फिर सामने आए आरोप
महिला के मुताबिक, कथित धमकियों के दबाव में उसने गुजरात हाईकोर्ट में समझौते से जुड़ा हलफनामा दाखिल किया। इसके बाद 16 जून को अख्तर और कुछ अन्य आरोपी जेल से बाहर आए। महिला का कहना है कि बाद में वह अख्तर के साथ धानेरा तालुका के पेंगिया गांव चली गई, लेकिन वहां भी कथित उत्पीड़न जारी रहा।
FIR में आरोप लगाया गया है कि गर्भवती होने के बावजूद महिला के साथ मारपीट और यौन हिंसा की गई। साथ ही, उस पर दूसरे पुरुषों से फोन पर बातचीत करने का दबाव बनाया गया। इनकार करने पर कथित तौर पर उसके निजी वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी गई।
निजी वीडियो से ब्लैकमेलिंग का आरोप
महिला ने आरोप लगाया कि उसकी जानकारी के बिना निजी वीडियो रिकॉर्ड किया गया और बाद में उसी वीडियो का इस्तेमाल उसे डराने-धमकाने के लिए किया गया। शिकायत के अनुसार, वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देकर महिला पर लगातार दबाव बनाया गया। महिला ने तीन भाइयों- अख्तर, आरिफ और इलियास के अलावा उनके चाचा सलीमशाह जुमाशाह फकीर पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं।
धर्म परिवर्तन के दबाव का भी आरोप
महिला ने शिकायत में आरोप लगाया कि उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया गया। FIR के अनुसार, कथित तौर पर एक मौलवी को बुलाकर उसका निकाह कराने की कोशिश की गई और उसका नाम बदलकर 'फिजा' रख दिया गया। महिला का यह भी दावा है कि उसकी बेटियों के धर्म परिवर्तन और उन्हें अपने पास लाने की धमकी दी गई।
घर से निकाले जाने के बाद पहुंची पुलिस तक
महिला के अनुसार, 21 जुलाई को उसके साथ कथित तौर पर मारपीट की गई और उसे घर से बाहर निकाल दिया गया। इसके बाद उसने एक दुकानदार से मदद मांगी और महिला हेल्पलाइन 181 से संपर्क किया। बाद में उसकी मां उसे लखनी ले गईं, जहां से उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शुरू की जांच
बनासकांठा पुलिस ने रेप, मारपीट, आपराधिक धमकी और गुजरात फ्रीडम ऑफ रिलिजन एक्ट समेत संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस इंस्पेक्टर एसडी चौधरी के मुताबिक, मामले की जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
पुलिस अब महिला के सभी आरोपों, पहले दर्ज मामले, कथित धमकियों, निजी वीडियो और धर्म परिवर्तन से जुड़े दावों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल ये सभी आरोप शिकायत और FIR का हिस्सा हैं, जिनकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी।

