फिरोजपुर के हरमन नगर इलाके में एक हंसते-खेलते परिवार का दर्दनाक अंत हो गया। फाइनेंसर और सैलून मालिक माही सोढ़ी (अमनदीप सिंह) ने अपनी पत्नी और दो मासूम बेटियों की गोली मारकर हत्या कर दी और उसके बाद खुद को भी गोली मार ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
वारदात का खुलासा तब हुआ जब सुबह घर में काम करने वाली सफाई कर्मचारी पहुंची। उसने काफी देर तक दरवाजा खटखटाया और आवाजें दीं, लेकिन अंदर से कोई हलचल नहीं हुई। घबराकर उसने ऊपर की मंजिल पर रहने वाले किरायेदार को सूचित किया। किरायेदार ने माही को फोन भी किया, अंदर घंटी बजती रही लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया। अनहोनी की आशंका के चलते किरायेदार और पड़ोसी करनजीत सिंह ने जब दरवाजा तोड़ा, तो अंदर का मंजर देख उनके होश उड़ गए। बेडरूम में अमनदीप, उसकी पत्नी जसवीर कौर, 10 वर्षीय बेटी मनवीर और 6 वर्षीय बेटी परनीत की खून से लथपथ लाशें पड़ी थीं।
घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी भूपिंदर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से वह पिस्टल भी बरामद कर ली है, जिससे गोलियां चलाई गई थीं। एसएसपी भूपिंदर सिंह ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। घर के अंदर सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं, जिनकी फुटेज को पुलिस खंगाल रही है।
आसपास के लोगों के मुताबिक यह परिवार बेहद मिलनसार था। बीती रात उन्हें साथ में खुश होकर घूमते हुए भी देखा गया था। पुलिस सारे घटनाक्रम की जांच कर रही है। यह भी जांच की जाएगी कि यह हत्या है या आत्महत्या।

