Farmers Protest : दिल्ली कूच ऐलान के बीच पानीपत हाई अलर्ट, टोल प्लाजा पर हरियाणा पुलिस, RAF और CRPF तैनात
टोल प्लाजा पर हरियाणा पुलिस RAF और CRPF की तैनाती संदिग्ध वाहनों की जांच अधिकारियों ने कहा
Farmers Protest : अमेरिका और भारत के बीच प्रस्तावित ट्रेड डील के विरोध में किसानों द्वारा दिल्ली कूच के आह्वान को देखते हुए पानीपत में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। दिल्ली की ओर जाने वाले प्रमुख टोल प्लाजा पर हरियाणा पुलिस के साथ RAF और CRPF की तैनाती की गई है। पुलिस द्वारा आने-जाने वाले वाहनों पर निगरानी रखी जा रही है तथा संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है। हालांकि मंगलवार को पूरे दिन पानीपत में स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण बनी रही और किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना सामने नहीं आई।
सीआरपीएफ के डीआईजी अमित सांगवान ने बताया कि क्षेत्र में सभी व्यवस्थाएं सामान्य हैं और सुरक्षा बल पूरी तरह मुस्तैद हैं। उन्होंने कहा कि स्थिति के अनुसार पुलिस बल की तैनाती की गई है तथा आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त बल भी लगाया जाएगा। फिलहाल किसी प्रकार की परेशानी या तनाव की स्थिति नहीं है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और निश्चिंत होकर अपने दैनिक कार्य करें।
डीएसपी मुख्यालय विकास चहल ने बताया कि टोल प्लाजा पर हरियाणा पुलिस की तीन कंपनियां तथा सीआरपीएफ की एक कंपनी तैनात की गई है। इसका उद्देश्य कानून व्यवस्था बनाए रखना और आम लोगों की आवाजाही को सुचारु रखना है। उन्होंने कहा कि सुबह से अब तक ऐसी कोई स्थिति सामने नहीं आई है, जिसमें किसानों के किसी जत्थे को यहां से गुजरने से रोका गया हो।
ड्यूटी मजिस्ट्रेट मनदीप ने बताया कि दिल्ली में चल रहे किसान आंदोलन को देखते हुए एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। हरियाणा पुलिस, RAF और CRPF की टीम संयुक्त रूप से कानून व्यवस्था पर नजर बनाए हुए हैं। यदि कोई समूह या व्यक्ति यहां से गुजरता है तो नियमानुसार उसकी पहचान और उद्देश्य की जानकारी ली जाएगी। फिलहाल पानीपत में कानून व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है और किसी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति नहीं है।

