Farmers Protest : नरवाना बॉर्डर पर किसानों का आंदोलन स्थगित, 4 सितंबर को केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर होगी बड़ी बैठक
51 किसानों के जत्थे द्वारा प्रस्तावित पैदल मार्च और अर्धनग्न प्रदर्शन तत्काल प्रभाव से स्थगित करने की डल्लेवाल ने की घोषणा
Farmers Protest : पंजाब की सीमा के साथ लगते हरियाणा के नरवाना में दाता सिंहवाला-खनौरी बॉर्डर पर किसानों का अर्धनग्न मार्च स्थगित कर दिया गया है। यह निर्णय किसानों और स्थानीय प्रशासन के बीच हुई वार्ता के बाद लिया गया। प्रशासन ने किसानों को 4 सितंबर को केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर के साथ उच्चस्तरीय बैठक कराने का लिखित आश्वासन दिया है। बुधवार की सुबह नरवाना के एसडीएम जगदीश चंद्र और डीएसपी कमलदीप राणा के नेतृत्व में प्रशासनिक दल तथा किसान प्रतिनिधियों के बीच गहन चर्चा हुई। इस बैठक में किसानों की लंबित मांगों और उनके प्रस्तावित आंदोलन के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया।
प्रशासनिक अधिकारियों ने किसान नेताओं को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों को केंद्रीय स्तर पर पहुंचाने के लिए 4 सितंबर को मनोहर लाल खट्टर के साथ बैठक निर्धारित की गई है। सहमति बनने के बाद, एसडीएम और डीएसपी स्वयं दाता सिंहवाला-खनौरी बॉर्डर पर पंजाब सीमा की ओर धरने पर बैठे किसानों के पास पहुंचे। उन्होंने किसानों को बैठक में लिए गए निर्णयों की जानकारी दी। प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन के बाद, किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल ने घोषणा की कि 51 किसानों के जत्थे द्वारा प्रस्तावित पैदल मार्च और अर्धनग्न प्रदर्शन तत्काल प्रभाव से स्थगित किया जाता है।
किसान नेता डल्लेवाल बोले- 4 सितंबर के बाद तय होगी आगे की रणनीति
उन्होंने स्पष्ट किया कि 4 सितंबर की बैठक के परिणामों के आधार पर ही आगे की रणनीति तय की जाएगी। किसान नेताओं को उम्मीद है कि केंद्रीय ऊर्जा मंत्री के साथ इस वार्ता के बाद केंद्रीय कृषि मंत्री के साथ भी जल्द ही एक दौर की बातचीत संभव होगी। इस मामले पर जानकारी देते हुए एसडीएम जगदीश चंद्र ने बताया कि किसानों के साथ वार्ता सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। उन्होंने यह भी कहा कि जैसे ही किसान बॉर्डर से वापस लौटना शुरू करेंगे, हरियाणा की तरफ सुरक्षा के लिए लगाई गई बैरिकेडिंग हटा दी जाएगी। इससे आम जनता और यातायात को राहत मिलेगी।
किसानों की प्रस्तावित पैदल मार्च स्थगित
पंजाब के किसानों के प्रस्तावित पैदल मार्च स्थगित होने के बाद हरियाणा प्रशासन ने दाता सिंहवाला-खनौरी बॉर्डर से बैरिकेडिंग हटा दी है। इसके साथ ही दिल्ली-पटियाला हाईवे पर वाहनों का आवागमन भी बहाल हो गया है। हाईवे की एक लेन खुलने से वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को राहत मिली है। किसानों के धरनास्थल से लौटने के बाद प्रशासन ने बैरिकेडिंग हटाने का कार्य शुरू किया था। पहले चरण में एक तरफ की बैरिकेडिंग हटाई गई, जिसे अब पूरी तरह से खोल दिया गया है। बैरिकेडिंग हटने के बाद दिल्ली-पटियाला हाईवे पर यातायात सामान्य हो गया है।
उल्लेखनीय है कि किसानों के प्रस्तावित पैदल मार्च के मद्देनजर हरियाणा प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के तहत दाता सिंहवाला-खनौरी बॉर्डर पर भारी बैरिकेडिंग लगाकर मार्ग बंद कर दिया था। इससे इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों को असुविधा हो रही थी और यातायात प्रभावित था।
केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर के साथ होगी बैठक
बुधवार को प्रशासन और किसान प्रतिनिधियों के बीच हुई बातचीत में किसानों को 4 सितंबर को केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर के साथ बैठक करवाने का आश्वासन मिला। इसके बाद किसानों ने बॉर्डर की बैरिकेडिंग तक प्रस्तावित अर्धनग्न पैदल मार्च को स्थगित करने का निर्णय लिया। किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल ने 51 किसानों के जत्थे के रूप में चल रही पैदल यात्रा को भी फिलहाल रोकने की घोषणा की।
किसानों द्वारा मार्च स्थगित किए जाने के बाद प्रशासन ने बैरिकेडिंग हटाने की प्रक्रिया तत्काल शुरू कर दी थी। प्रशासन ने बताया है कि किसानों के पूरी तरह वापस जाने के बाद बॉर्डर पर शेष बैरिकेडिंग को भी हटा दिया जाएगा। फिलहाल, एक तरफ की बैरिकेडिंग हटने और दिल्ली-पटियाला हाईवे पर आवागमन शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिली है।

