Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
Add Tribune As Your Trusted Source
search-icon-img
Advertisement

Faridkot Wedding Police Action: शादी समारोह के बीच दुल्हन के पिता को पुलिस ने पकड़ा, हंगामा और हाथापाई

Faridkot Wedding Police Action: सादे कपड़ों में पहुंची पुलिस ने आनंद कारज के बीच किया गिरफ्तार; परिजनों ने विरोध किया तो झड़प, पुलिसकर्मी ने पिस्तौल लहराई

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
featured-img featured-img
शादी समारोह में झड़प। फोटो ट्रिब्यून
Advertisement

Faridkot Wedding Police Action:  पंजाब के फरीदकोट जिले के गांव संधवां में बुधवार शाम एक शादी समारोह उस समय हंगामे में बदल गया, जब पुलिस ने आनंद कारज की रस्मों के बीच दुल्हन के पिता को हिरासत में ले लिया। सादे कपड़ों में पहुंची पुलिस की कार्रवाई का परिजनों ने विरोध किया और देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। घटना का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आई हैं।

पुलिस के अनुसार, गिद्दड़बाहा थाने की टीम ने दुल्हन के पिता गरीब सिंह उर्फ राजू को कथित तौर पर ट्रांसफार्मर और मोटर चोरी के एक मामले में गिरफ्तार किया। पुलिसकर्मी उसे यूपी नंबर वाली एक गाड़ी में लेकर जाने लगे। परिजनों और रिश्तेदारों ने पुलिस वाहन को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान एक व्यक्ति कथित तौर पर पुलिस वाहन के आगे लेट गया, जिसे पुलिसकर्मियों ने हटाया।

Advertisement

परिजनों ने गिरफ्तारी का किया विरोध

परिवार के सदस्यों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए गरीब सिंह को निर्दोष बताया। दुल्हन के भाई का दावा है कि उनके पिता ने लंबे समय से चोरी जैसी गतिविधियों से दूरी बना ली थी और पुलिस उन्हें गलत तरीके से मामले में फंसा रही है। हालांकि, परिवार के अनुसार, उनका नाम पहले भी चोरी के एक मामले में सामने आ चुका है।

Advertisement

हंगामे के दौरान परिजनों ने एक पुलिसकर्मी को पकड़ लिया और कथित तौर पर उसे तब तक जाने नहीं दिया, जब तक गरीब सिंह को रिहा नहीं किया जाता। इसी दौरान एक पुलिसकर्मी के हाथ में पिस्तौल दिखाई दी, जिसके बाद स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।

150 ट्रांसफार्मर-मोटर चोरी का आरोप

गिद्दड़बाहा के एसएचओ परविंदर सिंह ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि गरीब सिंह उर्फ राजू के खिलाफ किसानों के खेतों से करीब 150 बिजली ट्रांसफार्मर और मोटर चोरी करने के मामले में एफआईआर दर्ज है। पुलिस के मुताबिक, इन वारदातों को एक गिरोह द्वारा अंजाम दिया जाता था और गिरोह के पांच सदस्यों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

एसएचओ ने गरीब सिंह को कथित तौर पर पुराना और शातिर चोर बताते हुए कहा कि वह किसानों के खेतों से पानी की मोटर चोरी करने की कई वारदातों में शामिल रहा है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के पास एक एसयूवी है और वह पहले भी पुलिस टीमों को चकमा देकर गिरफ्तारी से बचता रहा है। एसएचओ ने आरोप लगाया कि पुलिस टीमों के उसके घर पहुंचने पर वह कथित तौर पर पुलिसकर्मियों से दुर्व्यवहार कर फरार हो जाता था।

शादी की सूचना पर गांव पहुंची पुलिस

एसएचओ के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी संधवां गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने आया है। इसके बाद सादे कपड़ों और वर्दी में पुलिस की टीमें गांव पहुंचीं और उसे गिरफ्तार करने का प्रयास किया। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तारी का परिजनों और रिश्तेदारों ने विरोध किया, जिसके दौरान कुछ पुलिसकर्मी घायल हो गए।

Advertisement
×