सब सनातनी हैं… सारा अली खान के बद्री-केदार मंदिर दर्शन 'हलफनामे' के सवाल पर बोलीं MP कंगना रणौत
Kangana Ranaut: कंगना रणौत ने कहा, सब सनातनी हैं, सनातन ही सत्य है, वो भी सनातनी ही हैं, तो सच लिखने में क्या घबराहट
Kangana Ranaut: बद्रीनाथ और केदारनाथ मंदिर परिसरों में गैर सनातनियों के प्रवेश पर रोक लगाने संबंधी प्रस्ताव को बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति ने मंजूरी दी है। अब इन मंदिरों में दर्शन के लिए सनातन के प्रति अपनी आस्था के बारे में हलफनामा देना होगा।
'केदारनाथ' फिल्म की अभिनेत्री सारा अली खान के बारे में पूछे जाने पर मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा, '' अभिनेत्री सारा अली खान अगर कहेंगी कि उनकी सनातन के प्रति आस्था है, भाव है और वह हलफनामा देंगी तो उन्हें दर्शन कराए जाएंगे।''
#WATCH | दिल्ली: भाजपा सांसद कंगना रनौत ने बद्रीनाथ, केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष द्वारा अभिनेत्री सारा अली खान से मंदिर में पूजा करने के लिए हलफनामा जमा करने के लिए कहने की खबरों पर कहा, "सब सनातनी हैं...सनातन ही सत्य है...वो भी सनातनी ही हैं, तो सच लिखने में क्या घबराहट… pic.twitter.com/3KPuRdw07P
— ANI_HindiNews (@AHindinews) March 18, 2026
सांसद व अभिनेत्री कंगना रणौत ने बद्रीनाथ, केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष द्वारा अभिनेत्री सारा अली खान से मंदिर में पूजा करने के लिए हलफनामा जमा करने के लिए कहने की खबरों पर कहा, "सब सनातनी हैं। सनातन ही सत्य है, वो भी सनातनी ही हैं, तो सच लिखने में क्या घबराहट है।"
बता दें, मंदिर समिति के अध्यक्ष ने एक प्रेस कांफ्रेंस में कहा था कि सनातन धर्म के प्रति आस्था रखने वाले सभी सनातनी हैं और अगर वे इस बारे में हलफनामा देते हैं तो उन सबका बद्रीनाथ और केदारनाथ में स्वागत है। उन्होंने कहा, ''जिनकी (गैर हिंदुओं की) सनातन धर्म के प्रति आस्था होगी और जो लिखेगा कि मैं सनातनी हूं, मैं हिंदुत्व को मानता हूं, उन सबका स्वागत है।''
'केदारनाथ' फिल्म की अभिनेत्री के बारे में पूछे जाने पर मंदिर समिति के अध्यक्ष ने कहा, ''सारा अली खान अगर कहेंगी कि उनकी सनातन के प्रति आस्था है, भाव है और वह हलफनामा देंगी तो उन्हें दर्शन कराए जाएंगे।''
उन्होंने बताया कि हलफनामे के लिए मंदिर समिति ने प्रारूप तैयार कर लिया है। गौरतलब है कि मंदिर समिति के बोर्ड की 10 मार्च को हुई बैठक में बद्रीनाथ और केदारनाथ मंदिर परिसरों और गर्भगृहों में गैर सनातनियों के प्रवेश पर रोक लगाने संबंधी प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गयी थी।
द्विवेदी ने कहा कि यह प्रस्ताव राज्य सरकार को भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि अगले माह से शुरू हो रही चारधाम यात्रा की तैयारियां जोरों से जारी हैं और केवल 10 दिनों में 16 मार्च तक छह लाख से अधिक श्रद्धालु चारों धामों के लिए अपना पंजीकरण करवा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा के लिए आनलाइन पंजीकरण छह मार्च से शुरू हुआ था। इस वर्ष की चारधाम यात्रा की शुरूआत 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया के पर्व से हो रही है जब गंगोत्री और यमुनोत्री के कपाट खुलेंगे। बद्रीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल और केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल को खुल रहे हैं।

